सरगुजा

एसआईआर, सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से भरना होगा परिगणना फार्म
01-Nov-2025 8:42 PM
एसआईआर, सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से भरना होगा परिगणना फार्म

अंबिकापुर, 1 नवंबर। वर्ष 2003 के बाद यानी 22 वर्षों बाद सरगुजा में फिर से एसआईआर होगा। इसके तहत सभी मतदाताओं को बीएलओ द्वारा दिए जाने वाले परिगणना फार्म भरना अनिवार्य होगा, नहीं तो मतदाता सूची से नाम कट जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रारंभ किया गया है। इसके तहत राज्यभर में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता लेकर मीडिया के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार देश के 12 राज्यों, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य भी शामिल है, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण   की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है।

उन्होंने बताया कि  इसका प्रमुख उद्देश्य  मृत व्यक्तियों के नामों को सूची से हटाना,स्थायी रूप से निवास बदलने वालों के नाम हटाना, दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं का नाम निरस्त करना, अपात्र व्यक्ति का मतदाता सूची से नाम हटाना, शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण कराना है।

पंजीकरण की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मतदाताओं को  बीएलओ  द्वारा परिगणना फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे निश्चित समय में भरकर बीएलओ को जमा करवाना होगा। फॉर्म भरने से पहले दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (सफेद बैकग्राउंड सहित) तैयार रखना होगा। साथ ही पहचान दस्तावेज अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।

उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु निर्धारित समय सारिणी, आवेदन प्रक्रिया, पुन: पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, गहन पुनरीक्षण के चरण और आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्त्वपूर्ण कार्य में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया की जानकारी मतदाताओं तक सरल ढंग से पहुंचाने में आप सभी का सहयोग अपेक्षित है, ताकि सही जानकारी लोगों तक पहुंचे और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।


अन्य पोस्ट