सरगुजा

कला केंद्र मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कृषि मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
01-Nov-2025 8:36 PM
कला केंद्र मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कृषि मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

 कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 1 नवम्बर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एक नवंबर के उपलक्ष्य में  जिला मुख्यालय में 2 से 4 नवम्बर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राज्योत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम कला केंद्र मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल होंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर विलास भोसकर ने शुक्रवार को राज्योत्सव स्थल का अवलोकन किया तथा अंतिम तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, डीएफओ अभिषेक जोगवत, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए एल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त डी एन कश्यप सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ समारोह 2 नवम्बर को शाम 5:30 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त एवं प्रभारी मंत्री सरगुजा ओपी चौधरी तथा पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद संसदीय क्षेत्र सरगुजा चिंतामणी महराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर नगर पालिक निगम अम्बिकापुर  मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, सभापति नगर पालिक निगम अम्बिकापुर हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  देवनारायण यादव शामिल होंगे।

इस दौरान राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। जिसमें राजस्व ई-सेवा (च्वाईस), हस्तशिल्प, नगर पालिक निगम, हाउसिंग बोर्ड, सी-मार्ट, जिला पंचायत, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कौशल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिले में इन कलाकारों द्वारा दी जाएंगी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में विद्यालयीन/महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के साथ ही स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें छत्तीसगढ़ लोक गायक संजय सुरीला, मशहुर गायिका  सुश्री शशि लता, छत्तीसगढ़ीया लोक गायक सुनिल मानिकपुरी, लिटील चैम्प गायक प्रियांशु मिश्रा, मशहूर गायक आयुष नामदेव, लोक गायिका समीक्षा कश्यप, नृत्यांगना कोलकाता रित्विका बनर्जी, मशहूर गायिक आंचल मंदिलवार, कलासिकल नृत्यांगना श्रृष्टी भदेरिया, लोक गायिका सताक्षी वर्मा, लोक गायक लल्लू राजा एवं बालीवुड रॉक बैंड मुंबई द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


अन्य पोस्ट