सरगुजा

दंपति की धारदार हथियार से हत्या
23-Oct-2025 9:20 PM
दंपति की धारदार हथियार से हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,23 अक्टूबर। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हरता में पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। दोनों के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हंै। बताया जा रहा है कि सोते समय किसी ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुम्हरता निवासी रीमा राम (52) और उसकी पत्नी उर्मिला (50) गत 22 अक्टूबर की रात घर की परछी में जमीन पर सोये थे। गुरुवार की सुबह गांव का ही एक व्यक्ति उन्हें काम के सिलसिले में बुलाने पहुंचा तो घर का दरवाजे का बाहर से बंद मिला। आसपास के लोगों से उसने रीमा और उर्मिला के बारे में पूछताछ की तो वे कुछ नहीं बता सके।

ग्रामीण ने जब घर के दरवाजे खोलकर अंदर गए तो जमीन पर लगे बिस्तर पर रीमा राम और उर्मिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। दोनों के सिर से काफी खून बहकर जम गया था। घटना की सूचना ग्रामीणों को दी गई। सूचना पर दरिमा थाना प्रभारी राजेश कुमार खलखो की टीम मौके पर पहुंची। अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

घटनास्थल की जांच में पति-पत्नी के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों की सोते हुए हत्या कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि मृतक रीमा राम व उसकी पत्नी उर्मिला घर में अकेले रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके भाइयों का परिवार अलग घर में रहता है। दंपति का घर पहाड़ी के ऊपर अलग-थलग बना हुआ है। दोनों पति-पत्नी खेती के अलावे मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। दोनों पति-पत्नी शांत स्वभाव के थे। उनका किसी से विवाद नहीं था। दोनों व्यवहार के अच्छे थे। इस कारण किसी से कोई दुश्मनी की जानकारी नहीं है। उन्हें क्यों मारा गया, इसे लेकर ग्रामीण भी परेशान हैं। दरिमा पुलिस मामले में जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट