सरगुजा

23 करोड़ में से भाजपा के वार्डों में 16 करोड़ के निर्माण कार्यों की स्वीकृति, विपक्ष ने कहा ऐसा भेदभाव पहले कभी नहीं देखा
16-Oct-2025 8:39 PM
23 करोड़ में से भाजपा के वार्डों में 16 करोड़ के निर्माण कार्यों  की स्वीकृति, विपक्ष ने कहा ऐसा भेदभाव पहले कभी नहीं देखा

सदन में भाजपा सरकार के महिमामंडन पर जमकर हंगामा, सामान्य सभा में सडक़-नाली का छाया रहा मुद्दा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,16 अक्टूबर। अंबिकापुर नगर निगम के सामान्य सभा की बैठक में गुरुवार को 23 करोड़ में से भाजपा के वार्डों में 16 करोड़ के निर्माण कार्यों की स्वीकृति और उसका भूमिपूजन करने को लेकर विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि ऐसा भेदभाव पहले कभी नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार के समय हमने सभी को बराबर देखा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ भाजपा के भी कई वार्डों में बहुत कम राशि की स्वीकृति दी गई है, जो निर्माण कार्यों की स्वीकृति हुई है, उसमें पार्षदों से भी रायशुमारी नहीं की गई,जैसा मन किया काम की स्वीकृति हो गई गई है।

श्री अहमद ने कहा कि निगम को उन कार्यों को स्वीकृति प्राथमिकता के साथ देना चाहिए था, जो अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने कहा कि शहर के आउटर के वार्ड कांग्रेस पार्षदों के ज्यादा हैं, मध्य में भाजपा के वार्ड हंै। भाजपा के कई वार्डों में 40-40 लाख से अधिक के निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है, कम से कम कांग्रेस समर्थित वार्डों में 20-20 लाख रुपए की स्वीकृति तो देना चाहिए था।

इसके अलावा विपक्ष के नेता शफी अहमद ने शहर की खराब सडक़ को लेकर और अभी कुछ दिनों पूर्व ठेला गुमटी वालों से अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ठेला गुमटी वालों का व्यवस्थापन कीजिए लेकिन सिस्टम से, उन्हें गाली गलौज कर अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है,जो ऐसा किए हैं, जांच कराना चाहिए।

सडक़ को लेकर शफी अहमद ने कहा कि तीन बार संकल्प लिया जा चुका है नेशनल हाईवे, लोक निर्माण विभाग, सडक़ विकास निगम की सडक़ों को हस्तांतरित करने लेकिन आज तक नहीं हो पाया।अगर सडक़ों के जाल बिछाने का काम हमारे समय हुआ होता तो हम आज सत्ता पक्ष में बैठे होते। एनएच की सभी सडक़ों में गड्ढे हो गए हैं, आए दिन लोग सोशल मीडिया में कोसते हैं, फिर भी मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं की गई।

निगम के पास 2 करोड़ रुपए सडक़ के पैच रिपेयर के पड़ा है, लेकिन इस राशि का भी उपयोग पैच रिपेयर के लिए नहीं कराया गया। श्री अहमद ने कहा कि तत्काल पैच रिपेयर का काम कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

सुशासन त्यौहार में 5 हजार से अधिक आवेदन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं

सामान्य सभा में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार होली दीपावली की तरह सुशासन त्यौहार अभी कुछ दिनों पूर्व मनाई थी, जिसमें नगर निगम क्षेत्र की जनता ने 5 हजार से अधिक आवेदन दिया था, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, उसे कचरे के ढेर में रख दिया गया है। अंबिकापुर में इतना बड़ा अमला होने के बाद भी आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं करते हुए गलत जानकारी अधिकारियों द्वारा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसकी 5 सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई जाए।

 इस मामले को लेकर निगम आयुक्त डी एन कश्यप ने कहा कि सुशासन त्यौहार में जितने भी शिकायत और मांग मिले थे, निरीक्षण कर लिस्ट बनाकर शासन को भेजे हैं।आयुक्त के उत्तर के संदर्भ में श्री अहमद ने कहा कि लोगों को जवाब दिया गया है कि शासन से दिशा निर्देश मिलने पर कार्रवाई होगी जबकि किसी भी तरह का प्राक्कलन तैयार नहीं किया गया है,गलत जानकारी दी जा रही है।

इसके अलावा श्री अहमद ने सिटी डेवलपमेंट योजना को लेकर भी प्रश्न किया और कहा कि 6 महीने में किसी भी प्रकार का एस्टीमेट नहीं बना है कोई तयारी नहीं है, यह शहर वासियों के साथ धोखा है।

नगर निगम की सामान्य सभा गुरुवार को शुरू हुई तो प्रश्नकाल में ही विपक्ष ने छह माह में सामान्य सभा आयोजित करने एवं नगर की उपेक्षा का आरोप लगा हंगामा कर दिया। नियमानुसार हर दो माह में सामान्य सभा आयोजित करने का प्रावधान है। भाजपा के पार्षद शिवमंगल सिंह द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की वाहवाही वाले भाषण पर भडक़े नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह प्रश्नकाल है, आप सवाल पूछिये, सरकार की वाहवाही मत करिए। इसे लेकर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष में जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई।

खराब सडक़ों को लेकर हंगामा, पक्षपात को लेकर हंगामा प्रश्नकाल के बाद विपक्ष ने खराब सडक़ों को लेकर हंगामा कर दिया। शहर के सभी प्रमुख मार्गों के साथ अंदरूनी 70 फीसदी सडक़ों में गड्ढे ही गड्ढे हैं। ये सडक़ें चलने लायक नहीं बची। सत्तापक्ष ने बारिश और पैसे नहीं होने का हवाला दिया। इसपर भडक़े नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निगम में दूसरे मद के पैसों का उपयोग गड्ढे भरने में किए जा सकते थे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

नगर निगम में 18 करोड़ के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनका भूमिपूजन शुरू हो गया है। विपक्ष ने भाजपा पार्षद वाले वार्डों में ज्यादा पैसे देने एवं कांग्रेस पार्षद वाले वार्डों में कम पैसे देकर पक्षपात करने का आरोप लगाया, जिसे लेकर जमकर हंगामा हुआ।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि छह माह बाद बैठक बुलाई है, जो दो-दो माह में होना चाहिए। बरसात दिनों में नगर के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर में सडक़ों की स्थिति बहुत खराब है। इसमें पीडब्लूडी व एनएच की सडक़ें भी शामिल हैं। इसे लेकर निगम के सत्तापक्ष ने गंभीरता नहीं दिखाई। पूरी बरसात लोग परेशान रहे यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

शफी अहमद ने कहा कि निगम में भाजपा बहुमत में है। संख्याबल के आधार पर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की गई। आज शहर के सडक़ों की स्थिति चिंताजनक है। हमने कई बार सुझाव दिया कि आश्रय मद के दो करोड़ के अतिरिक्त सांसद निधि, महापौर मद, विधायक मद का पैसा लगाकर गड्ढे भरे जा सकते थे। नगर के लोगों को राहत दी जा सकती है, लेकिन सत्तापक्ष ने इसकी अनदेखी की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सिटी डेवलेपमेंट प्रोग्राम में भारत सरकार को कार्ययोजना बनाकर देना है कि कहां जमीन है, क्या बनाना है। निगम ने सिर्फ एक पन्ने में भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा है। कभी पैसा नहीं मिलेगा। ये कमियां हैं।

महापौर बोलीं-प्रताडि़त कर रहा है विपक्ष

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि सामान्य सभा में 24 बिंदु रखे गए हैं। इनमें प्रमुखत: निर्माण से संबंधित प्रस्ताव हैं। इस वर्ष बारिश बहुत ज्यादा हुई है। शहर की सडक़ों की स्थिति खराब है। पीडब्लूडी को 8 करोड़ मिल गए हैं। जल्द सडक़ों का पेंच रिपेयरिंग शुरू करा दिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि विपक्ष जबरदस्ती हंगामा कर रहे हैं। प्रश्नकाल से ही हंगामा शुरू कर दिया गया। कांग्रेस शासनकाल में 13 सामान्य सभा हुए हैं। महिला महापौर हूं, तो डैमेज करें, इस नीति पर विपक्ष चल रहा है।महापौर ने कहा कि विपक्ष हमें प्रताडि़त कर रहा है। हम काम करके दिखाएंगे। फोरलेन सडक़ें बनने जा रही हैं। हम डरते नहीं हैं।

महापौर ने कहा कि वे गलती स्वीकार करती हूं कि निर्माण लेट से शुरू हो रहा है। मैं शहरवासियों से क्षमा भी मांगती हूं। जल्द सबकुछ दुरुस्त कर लिया जाएगा। महापौर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले 5 सालों में जितना बजट नहीं लाया, उतना हमने 7 महीने में लाकर दिखा दिया है कि हमारी जनता के प्रति कितनी जवाबदारी है।

आरोप लगाना ही इनका काम- मनीष

नगर निगम लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मनीष सिंह ने कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना ही है। 10 वर्षों से निगम में कांग्रेस की सरकार थी, हमने देखा था फंड की क्या स्थिति थी। मनीष ने कहा कि शहर के सडक़ों के टेंडर हो गए हैं, अधिकांश सडक़ नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग के है, कलेक्टर से बात हुई है, उक्त सडक़ निगम को दिया जाए। हम इसकी मरम्मत के लिए स्वयं उतरदायीय रहेंगे। कांग्रेस के समय बनी दरिमा सडक़ 2 साल में ही खराब हो गई। सिटी डेवलपमेंट के लिए 23 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। महामाया कॉरिडोर की भी शुरुआत हो गई है। हम सब की राय लेकर शहर का विकास करेंगे।


अन्य पोस्ट