सरगुजा

जिलाध्यक्ष के लिए अनुभवी के साथ युवाओं को भी मिल सकता है मौका-राजेश ठाकुर
11-Oct-2025 9:51 PM
जिलाध्यक्ष के लिए अनुभवी के साथ युवाओं को भी मिल सकता है मौका-राजेश ठाकुर

कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के 4 पर्यवेक्षकों का दल पहुंचा अंबिकापुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 अक्टूबर। कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पर्यवेक्षकों का 4 सदस्यीय दल शनिवार को अंबिकापुर पहुंचा। पर्यवेक्षक दल में शामिल झारखंड पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, छत्तीसगढ़ के पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, पूर्व संगठन मंत्री अमरजीत चावला है।अंबिकापुर नगर के राजीव भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए झारखंड पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष का चयन ऊपर से नहीं होगा। छत्तीसगढ़ में हम विपक्ष में हैं पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने की जरूरत है। विपक्ष में कौन मजबूत भूमिका निभाएगा उस अनुसार चयन करेंगे।

राजेश ठाकुर ने कहा कि संगठन के जिलाध्यक्ष का चुनाव सभी के रायशुमारी से होगा। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े की मंशा है कि युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, लेकिन अनुभव को इग्नोर नहीं करेंगे। संगठन चुनाव में 50 वर्ष के नीचे तक के लोगों की 50 प्रतिशत नियुक्ति की जानी है, लेकिन अनुभवी लोगों की भी अनदेखी नहीं की जा सकती।

राजेश ठाकुर ने आगे कहा कि,कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम पूरे देश में चल रहा है। छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश स्तर पर हो रहा है। सरगुजा में वे इसके लिए आए हुए हैं, यहां 4 दिनों तक जिले के सभी ब्लाक में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। पर्यवेक्षक नामों का पैनल तैयार करेंगे। ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की राय लेने के बाद पत्रकारों और समाज के लोगों की भी राय लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नामों का पैनल तैयार किया जाएगा।

10 से अधिक दावेदार

सरगुजा में कांग्रेस जिला अध्यक्ष के लिए 10 से अधिक दावेदार सामने आ रहे है और वे अपनी दावेदारी कर रहे हैं।

 सूत्रों के मुताबिक  दावेदारो में वर्तमान जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, द्वितेंद्र मिश्रा,शफी अहमद, राजू बाबरा,दानिश रफीक,दीपक मिश्रा,सिद्धार्थ सिंहदेव , बंटी शर्मा, नरेंद्र सिंह छाबड़ा सहित अन्य दावेदार शामिल हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम इस बात की पड़ताल है कि कार्यकर्ताओं की पसंद क्या है। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी नेतृत्व की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि झारखण्ड राज्य के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष जैसे कद के व्यक्तित्व को सरगुजा और जशपुर जैसे 2 जिले में संगठन सृजन की जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन सृजन के माध्यम से सरगुजा जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राय पर्यवेक्षक के माध्यम से जल्द ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के फैसलों में परिलक्षित होगी।


अन्य पोस्ट