सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 अक्टूबर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में दाखिल एक बंदी सोमवार की सुबह पुलिस प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। बंदी ने फरार होने के लिए ईएनटी वार्ड का रास्ता चुना।
दरअसल, ईएनटी वार्ड और जेल वार्ड का बाथरूम कंबाइन है, इसी का फायदा उठाते हुए बंदी वहां से फरार हो गया। इसकी जानकारी मणिपुर पुलिस को दी गई है, मामले में पुलिस फरार बंदी की खोज भी कर रही है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर क्षेत्र के मल्हार मसकुरी निवासी मुकेश कांत ढाई साल पहले बिलासपुर जेल से केंद्रीय जेल अंबिकापुर शिफ्ट किया गया था। चार अक्टूबर को यूरिन में समस्या होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के जेल वार्ड में दाखिल कराया गया था।
बताया जा रहा है कि रविवार को उसकी पत्नी और बहनोई भी उससे मिलने आए थे। आज सुबह-सुबह वह जेल वार्ड के पीछे बने बाथरूम में गया था। इस वक्त सामने के दरवाजे से स्टाफ नर्स के आने पर सुरक्षा प्रहरी दरवाजा खोलने के लिए गया। इसी का फायदा उठाते हुए सुरक्षा प्रहरी को चकमा देकर बंदी ईएनटी वार्ड की ओर से फरार हो गया।
बताया गया कि फरार बंदी हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा था। बंदी के फरार हो जाने की सूचना जेल प्रबंधन को दी गई। जेल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी है।
पुलिसकर्मियों के साथ जेल प्रहरियों द्वारा बस स्टैंड एवं आसपास के इलाकों में फरार बंदी की पतासाजी की गई,लेकिन उसका पता नहीं चल सका।.
भीड़ का फायदा उठाकर भागा -सीएसपी
अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि बंदी मुकेश कांत हॉस्पिटल में भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। जिस समय वह भागा, हॉस्पिटल में ओपीडी का समय था एवं लोगों की भीड़ थी। भीड़ की आड़ में ही वह भागने में सफल रहा। आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को बंदी के फरार होने की सूचना दे दी गई है। फरार बंदी की खोजबीन की जा रही है।


