सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 29 सितंबर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर इस वर्ष प्रतापपुर में आयोजित गरबा महोत्सव ऐतिहासिक बन गया। मां दुर्गा पूजा समिति बस स्टैंड द्वारा आयोजित गरबा–डांडिया कार्यक्रम में जिस उत्साह और श्रद्धा का नज़ारा देखने को मिला, वह नगरवासियों के लिए अविस्मरणीय साबित हुआ।
स्टेडियम ग्राउंड में हजारों की संख्या में नगरवासी और क्षेत्रवासी एकत्र हुए और देर रात तक गरबा नृत्य की लय पर झूमते रहे। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं और युवा जब डांडिया की ताल पर मां अम्बे की स्तुति करते नृत्य करने लगे, तो पूरा मैदान भक्तिमय और सांस्कृतिक आभा से गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतापपुर में नवरात्रि पर्व को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने का उद्देश्य लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता से जोडऩा है। गरबा-डांडिया जैसे पारंपरिक नृत्य न केवल लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं बल्कि पीढ़ी दर पीढ़ी परंपरा को जीवंत बनाए रखने का संदेश भी देते हैं।
इधर, बस स्टैंड स्थित मां दुर्गा पंडाल में भी सुबह और शाम आरती के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। महिलाओं द्वारा सामूहिक भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से वातावरण गूंजायमान है। प्रतिदिन आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस वर्ष नवरात्रि का आयोजन प्रतापपुर के इतिहास का सबसे भव्य और आकर्षक आयोजन रहा। नगर की एकजुटता और सामाजिक सहयोग ने इस कार्यक्रम को विशेष और यादगार बना दिया।
आयोजन समिति में प्रमुख रूप से राजेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, अरविंद जयसवाल, अनमोल शर्मा, मुकेश तायल, कमलेश गुप्ता, संजय जयसवाल, नवीन सोनू जायसवाल, अंकित जायसवाल, अमित सोनी, सोनू कश्यप, बुली अग्रवाल, सीबू सिंह, समलेश गुप्ता, सूर्या जायसवाल, अजय, काजू कश्यप, मनीष तायल, शेखर शर्मा, सोनू रजक, शुभम कश्यप, रूपम मित्तल, अरमान शर्मा, अंकित रजक, गोलू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल रहे।—


