सरगुजा
अंबिकापुर,29 अक्टूबर। निस्वार्थ सेवा ही राष्र्ट निर्माण का मार्ग है, छात्र जीवन में सेवा भाव का विकास व्यक्ति के पूरे जीवन को नई दिशा देता है। उक्त बातें सरगुजा के आईजी दीपक कुमार झा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के आसंदी से व्यक्त की।
उन्होंने आगे कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवक पढ़ाई के साथ-साथ समाज में प्रचलित अंधविश्वास और कुप्रथा को दूर करने के लिए भी कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है। जब हम किसी की मदद करते हैं तो मदद पाने वाले से ज्यादा हमें अच्छा महसूस होता है।
एनएसएस के स्वयंसेवकों को अलग-अलग आत्म विश्वास दिखाई देता है और नेतृत्व की क्षमता भी बढ़ती है।उन्होंने आगे कहा कि अगर विद्यार्थी शुरू से लक्ष्य बना ले और कड़ी मेहनत करे तो सफलता उसे अवश्य प्राप्त होगी। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग किए जाने का सभी से आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्वामी विवेकानंद आश्रम के सचिव स्वामी तन्मय आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना सामाजिक दायित्व निभाने और सेवा भावना से जुड़े रखने वाली सबसे महत्वपूर्ण संस्था है।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि समाज सेविका वंदना दत्ता, विवेकानंद आश्रम के अध्यक्ष श्रीकांत दुबे ने कहा कि जो समाज सेवा करते हैं उनकी संवेदनाएं जीवित रहती हैं।
संस्था की प्राचार्य स्नेह लता सिंह ने कहा कि सत्र 2014 से राष्ट्रीय सेवा योजना का संचालन विद्यालय में किया जा रहा है।शिविर के माध्यम से जागरूकता का कार्यक्रम चलाया जाता है उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना और उसके उद्देश्यों पर विस्तार से बताया अतिथियों ने सत्र 2024 2025 के सभी स्वयं को को प्रमाण पत्र प्रदान कर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त किया।


