सरगुजा

सडक़ें बदहाल, युवा कांग्रेस का चक्काजाम
20-Sep-2025 10:25 PM
सडक़ें बदहाल, युवा कांग्रेस का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 20 सितंबर। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सडक़ों के दुर्दशा को लेकर युवा कांग्रेस अम्बिकापुर ब्लॉक ने पीजी कॉलेज के सामने धरना प्रदर्शन और सांकेतिक चक्काजाम किया है।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन के साथ ही सडक़ पर बने गड्ढों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही भाजपा के चुनाव निशाना कमल फूल के फोटो को लगाकर डबल इंजन की सरकार के प्रति रोष जताया है।

उल्लेखनीय है कि एक लंबे अरसे से अम्बिकापुर शहर की सडक़ों की हालत खराब है। बरसात में इनकी स्थिति और बदतर हो गई है। सडक़ों पर पानी से भरे बड़े बड़े गड्ढो ने नगरवासियों के लिए यातनापूर्ण स्थिति उत्पन्न कर दिया है। इन सडक़ों के रख रखाव के लिये जिम्मेदार विभागों के उदासीनता का आलम यह है कि इनके द्वारा सडक़ों की मरम्मत करना दूर को बात है ये सडक़ों में बने गड्ढों में मलबा तक नहीं डलवा रहे हैं। कांग्रेस लगातार खराब सडक़ों को लेकर आंदोलन कर रही है।

इसी कड़ी में आज युवा कांग्रेस, ब्लॉक अम्बिकापुर शहर ने अध्यक्ष शुभम जायसवाल के नेतृत्व में आज यह प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि इन सडक़ों के देखरेख हेतु जिम्मेदार विभाग भावना शून्य हो चुके हैं। इन विभागों के क्रियाकलापों ने लोगों के लिए नारकीय माहौल तैयार कर दिया है। इन विभागों की विफलता को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि वो इन विभागों में समन्वय स्थापित कर सडक़ों की खराब स्थिति से नागरिकों को राहत दिलाये।

उन्होंने कहा कि अगर सडक़ मरम्मत के लिए इन विभागों के पास फंड की कमी है तो जिला प्रशासन सांसद निधि, विधायक निधि , महापौर और पार्षद निधि सहित डी एम एफ फंड से सडक़ों के मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाये।

युवा कांग्रेस अम्बिकापुर ब्लॉक के अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा कि अम्बिकापुर 70 प्रतिशत सडक़ जर्जर हो चुकी है। ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास की ट्रिपल रफ्तार का नारा देकर निगम से देश की सत्ता तक पर काबिज भाजपा ने आम लोगों के साथ छलावा किया है। विकास के बजाय भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।

करीब डेढ़ घंटे चले इस धरना प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा , ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा , पापिन्दर सिंह, शैलेंद्र सोनी ,संजय सिंह,आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट