सरगुजा

डॉ. शैलेश देवांगन व डॉ. अंचल सिन्हा विज्ञान भारती के जिला संयोजक नियुक्त
19-Sep-2025 9:03 PM
डॉ. शैलेश देवांगन व डॉ. अंचल सिन्हा विज्ञान भारती के जिला संयोजक नियुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 सितंबर। विज्ञान भारती ने सरगुजा जिले के लिए नए जिला संयोजकों की घोषणा की है। इस अवसर पर स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, केशवपुर के व्याख्याता डॉ. अंचल कुमार सिन्हा तथा साई बाबा आदर्श महाविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शैलेश देवांगन को सरगुजा जिले का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।

विज्ञान भारती एक अखिल भारतीय विज्ञान संगठन है, जिसकी स्थापना 1982 में बेंगलुरु में हुई थी। संगठन का उद्देश्य है - भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान का समन्वय करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रसार करना तथा ग्रामीण और शहरी समाज में विज्ञान जागरूकता को मजबूत बनाना। विज्ञान भारती विभिन्न कार्यक्रमों जैसे विज्ञान महोत्सव, विज्ञान यात्रा, कार्यशालाएँ, प्रदर्शनी तथा इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल के माध्यम से विज्ञान को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करता है।

संगठन का एक प्रमुख अभियान विज्ञान विद्यार्थी मंथन है, जिसे विज्ञान प्रसार (भारत सरकार) और के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाता है। यह परीक्षा बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करती है। साथ ही यह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराते हुए भविष्य के वैज्ञानिकों की पहचान और प्रोत्साहन का कार्य करती है। वर्तमान में इस प्रतिभा खोज प रीक्षा हेतु  कक्षा छटवीं से बारहवीं तक के बच्चो द्वारा प्रतिभागी फॉर्म ऑनलाइन भरा जा रहा है जिसकी अंतिम तिथि 30 सितम्बर है।

डॉ. अंचल कुमार सिन्हा वर्तमान में स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, केशवपुर में व्याख्याता (जीवविज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिक्षा एवं विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ-साथ विभिन्न विज्ञान लेखन एवं विज्ञान प्रसार गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया है।डॉ. शैलेश देवांगन साई बाबा आदर्श महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में सहायक प्राध्यापक हैं।

वे लंबे समय से उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में कार्यरत हैं और विज्ञान के माध्यम से युवाओं में नवाचार एवं शोध भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

नए जिला संयोजक नियुक्त होने पर डॉ. अंचल कुमार सिन्हा और डॉ. देवांगन ने कहा कि वे सरगुजा जिले में विज्ञान भारती के उद्देश्यों को गति देने, बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विज्ञान विद्यार्थी मंथन जैसे अभियानों को अधिक से अधिक विद्यालयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।


अन्य पोस्ट