सरगुजा
कुसमी, 18 सितंबर। ग्राम केवझर में दो दिन से लापता महिला का शव गांव के ढोढ़ी में तैरता हुआ मिला। सूचना पर कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम केवझर निवासी मनेसरी अगरिया उम्र 42 वर्ष पति अजित कुमार मंगलवार को घर में जितिया पर्व मना रहे थे। इस दौरान दंपत्ति ने शराब का सेवन भी किया। उसी दिन दोपहर में अजित कुमार ने पत्नी से कहा कि वह अधिक नशे में है, इसलिए मवेशियों को चराने के लिए चली जाए। इसके बाद अजित घर पर आराम करने लगा।
शाम तक जब मनेसरी घर नहीं लौटी, तो अजित ने देखा कि मवेशी तो घर में ही बंधे हुए हैं। इसके बाद उसने पत्नी की आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन भी खोजबीन जारी रही, परंतु सफलता नहीं मिली।
गुरुवार को गांव के उपसरपंच दिलीप टोप्पो ने पीलू कोना पारा निवासी बजरंग के खेत में बने ढोढ़ी के पानी में एक महिला का शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। बाद में मृतका की पहचान मनेसरी अगरिया के रूप में हुई।
कुसमी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी। बताया जा रहा है कि मनेसरी अगरिया शराब का अत्यधिक सेवन करती थीं, जिसके कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ जाया करता था। आशंका है कि मंगलवार को नित्य क्रिया के बाद पानी में हाथ-पांव धोते समय उनका पैर फिसल गया और गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।


