सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 सितंबर। रामगढ़ पर्वत को लेकर बीजेपी ने अध्ययन समिति का गठन किया है। समिति में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा संयोजक बनाए गए हैं। विधायक रेणुका सिंह और भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सदस्य के रूप में टीम में शामिल रहेंगे। संबंधित तथ्यों का अध्ययन कर सात दिवस के अंदर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कमेटी रिपोर्ट सौंपेगी।
गौरतलब है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने कोल खनन से पर्वत पर दरार आने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि रामगढ़ पहाड़ी सरगुजा सहित अन्य लोगों के लिए आस्था का केंद्र है।श्री राम भगवान माता जानकी और लक्ष्मण जी से जुड़ा हुआ है सरगुजा का रामगढ़ पर्वत।
अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के पर्यटन मंत्री बनने के बाद से रामगढ़ पर्वत का मामला और तूल पकड़ लिया था। पर्यटन मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि कोल खनन से अगर पहाड़ के अस्तित्व को कोई खतरा पहुंचेगा तो वह स्वयं इसका विरोध करने की बात कही थी और इसका जांच कराने का भी आश्वासन दिया था। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को उक्त मामले को लेकर पूर्व में पत्र भी लिखा था। अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने तीन सदस्यीय टीम अध्ययन हेतु गठित किया है।
उम्मीद है जांच कमेटी अपने दायित्व का करेगी निर्वहन- आदित्येश्वर
रामगढ़ पर्वत के लिए बीजेपी द्वारा अध्ययन समिति के गठन करने को लेकर रामगढ़ पर्वत संरक्षण एवं संवर्धन समिति के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा ने अध्ययन समिति के लिए जो पत्र जारी किया है, उसमें कुछ राजनीतिक दलों के द्वारा भ्रम फैलाए जाने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मंच पर इस विषय को अभी तक नहीं लाया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव ने इसे गैर राजनीतिक मंच से इस मामले को उठाया था और सभी से सहयोग की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यह एक धरोहर है, इसे बचाने की जिम्मेदारी हम सब की है।
आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि उम्मीद है कि भाजपा की जांच कमेटी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करेगी।