सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अगस्त। छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र और संविधान की गरिमा को शर्मसार करने वाली एक निंदनीय घटना घटित हुई है। पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में कायराना हमला किया गया। यह हमला न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है, बल्कि भाजपा की बौखलाहट और राजनीतिक दिवालियापन का जीता-जागता प्रमाण भी है। प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग यह स्पष्ट करना चाहता है कि भाजपा आज पूरी तरह घबराई हुई है।राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को प्रदेशभर में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है। जनता उनके साथ खड़ी है, और वोट चोरी तथा चुनावी धांधली को लेकर उनके द्वारा किए जा रहे खुलासों ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। यही कारण है कि भाजपा अब लोकतांत्रिक बहस और जनसमर्थन का सामना करने के बजाय हिंसा और गुंडागर्दी का सहारा ले रही है।
लेकिन कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से कहना चाहती है कि कांग्रेस सत्य, न्याय और अहिंसा के मार्ग से किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाली नहीं है।हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में संघर्षरत रहेंगे।


