सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 124वीं कड़ी को आज भाजपा सरगुजा द्वारा विभिन्न मंडलों और बूथों में श्रवण किया गया। अंबिकापुर ग्रामीण मंडल अंतर्गत ग्राम भिट्टी कला में इसका आयोजन विशेष रूप से किया गया, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, जिला मंत्री विकास पांडेय, मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह एवं युवा मोर्चा महामंत्री अंशुल श्रीवास्तव शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और पर्यावरणीय विषयों को छूते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने सुधांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन को बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरक बताया, स्पेस स्टार्टअप्स के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया, इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में भारत की उपलब्धियों की सराहना की और आगामी एस्ट्रोनॉमी व एस्ट्रोफिजिक्स ओलंपियाड पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का प्रत्येक ‘मन की बात’ कार्यक्रम कोई न कोई गहरा संदेश लेकर आता है। आज की कड़ी से यह स्पष्ट हुआ कि भाजपा सरकार गरीबों को सशक्त करने, उन्हें मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने और आत्मनिर्भर बनाने हेतु सतत कार्य कर रही है।
मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि हर महीने के अंतिम रविवार को ‘मन की बात’ अवश्य सुनें और प्रधानमंत्री के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें। कार्यक्रम का संचालन संजय राजवाड़े, तथा आभार प्रदर्शनकर्ता जय सिंह ने किया।
इस आयोजन में सागर विश्वकर्मा, सरपंच जुगमनिया देवी, डोमन राजवाड़े, राजू सिंह, रवि गुप्ता, सुखचंद, आदित्य सिंह, पुरनचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस कार्यक्रम से प्रेरणा ली।