सरगुजा

सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम आने पर कांग्रेस ने स्वच्छता दीदियों को मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह
19-Jul-2025 10:00 PM
सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम आने पर कांग्रेस ने स्वच्छता दीदियों को मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 जुलाई। स्वच्छता सर्वेक्षण वर्ष 2024 में एक बार पुन: राष्ट्रीय स्तर पर नगर पालिका निगम अम्बिकापुर को सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर आज जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा ने देवीगंज एसएलआरएम सेंटर जाकर स्वच्छता दीदियों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 वर्ष 2022-23 से 2024-25 में तीन वर्षो के दौरान किये गये सर्वे के आधार पर अम्बिकापुर पूरे देश में 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस दौरान निगम में महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में कांग्रेस सत्तारुढ थी। इस उपलब्धि को हासिल करने में स्वच्छता दीदियों की अहम भूमिका होने के कारण कॉंग्रेस ने इस मौके को उनके साथ बांटा, और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने अम्बिकापुर वासियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में निगम में कांग्रेस बॉडी के द्वारा किये गये कार्यो को एक बार पुन: प्रमाणिकता मिली है।

पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि इस उपलब्धी के लिये पूरा शहर बधाई का पात्रा है। जिस अवधि के लिये यह पुरुस्कार मिला है उस अवधि में वर्तमान महापौर मंजूषा भगत विपक्ष की पार्षद थी। आज वे शहर के महापौर के रुप में उस मंच पर मौजूद थी, जहां शहर को पुरस्कार दिया गया। अगर यह पुरुस्कार सीधे उन्हें दिया जाता तो शहर के साथ ही आदीवासी समाज और अधिक गौरवान्वित होता।

 नगर निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने शहर सहित नगर निगम के पूरे अमले विशेष तौर पर स्वच्छता दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे किये हुए कार्यो की बदौलत आज अम्बिकापुर शहर राष्ट्रीय स्तर पर सुपर स्वच्छता लीग क्लब में शामिल हो गया। सतत रूप से इस क्लब में शामिल रहने के लिये शहर को निरंतर स्वच्छता मानक के 85 अंक प्राप्त करते रहने होंगे, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद नगर निगम निरंतर संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। ट्रिपल इंजन की सरकार आने के बाद भी यह दौर जारी है। इस कारण मंै सुपर स्वच्छता लीग में अम्बिकापुर शहर के निरंतर बने रहने को लेकर चिंतित हूं।

 निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल से सहमति जताते हुए कहा कि हमने स्वच्छता के क्षेत्रा में पूरे देश में सतत रुप से अम्बिकापुर शहर को ऊंचाईयों पर रखा है।  इस ऊंचाई पर शहर को कायम रखने के लिये शहर में ड्रेनेज सिस्टम, एसटीपी सहित बड़ी लागत वाले नवाचार की आवश्यकता है। प्रदेश में डबल इंजन और निगम में ट्रिपल इंजन के नाम पर लोगों ने इस उम्मीद के साथ मतदान किया है कि ऐसे नवाचार अम्बिकापुर को उपलब्ध होंगे। हालांकि विगत 6 माह का अनुभव नकारात्मक रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा स्वच्छता दीदियों के सम्मान की इस पहल के दौरान हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, सीमा सोनी, विनोद एक्का, मदन जायसवाल, गीता रजक, चंद्रप्रकाश सिंह, सतीश बारी, रजनीश सिंह, निक्की खान, शुभम जायसवाल, अविनाश कुमार, विकास केशरी, विरेन्द्र सिन्हा, अमित मिंज सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट