सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 मई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के रेल प्रबंधक ने विधायक राजेश अग्रवाल के निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर पूर्व में श्री अग्रवाल द्वारा रेलवे विस्तार से संबंधित लिखे गए पत्र पर विस्तार से चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान विशेष रूप से अंबिकापुर-दुर्ग रेल लाइन को नागपुर तक विस्तार देने, नागपुर-शहडोल रेल मार्ग को अंबिकापुर से जोडऩे, दुर्ग से कोटा होते हुए अंबिकापुर को जोडऩे तथा अंबिकापुर-रेणुकूट रेल विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गंभीर संवाद हुआ।
साथ ही विधायक ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की आवश्यकता को भी प्रमुखता से उठाया, ताकि बढ़ते यात्री भार और भविष्य की रेल सुविधाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि विधायक राजेश अग्रवाल ने पूर्व में इन सभी प्रस्तावों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर उनका ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। क्षेत्र की कनेक्टिविटी और समग्र विकास के लिए उनका यह प्रयास निरंतर जारी है।