सरगुजा

9 दिनों से गुरुद्वारा वार्ड के 400 घरों में पानी सप्लाई ठप, पानी टंकी के नीचे जताया विरोध
06-May-2025 8:13 PM
9 दिनों से गुरुद्वारा वार्ड के 400 घरों में पानी सप्लाई ठप, पानी टंकी के नीचे जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 मई। इन दिनों अंबिकापुर में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच गुरुद्वारा वार्ड के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। गुरुद्वारा वार्ड के 400 घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप है। बीते 9 दिनों से वार्डवासियों के सामने जल संकट गहराया हुआ है। ऐसे में बून्द बून्द पानी के लिए तरस रहे लोगों का गुस्सा नगर निगम पर फूटा पड़ा। पानी की समस्या से प्रभावित लोग थाना चौक स्थित पानी टंकी के नीचे बैठ कर विरोध प्रदर्शन करने नजऱ आये। इस दौरान महिलाएं और बच्चे बाल्टी लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते दिखे।

 गुस्साये लोगों ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही जल्द से जल्द समस्या के निराकरण करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि पानी टंकी का मोटर खराब होने की वजह से गुरुद्वारा वार्ड में पिछले 9 दिनों से पानी की सप्लाई ठप है। बावजूद इसके नगर निगम समस्या का निराकरण करते नही दिख रहा है।

वार्डवासियों ने बताया कि, वार्ड में हैंडपंप तक नहीं है। पानी की कोई अतिरिक्त साधन नहीं है। 9 दिनों से पानी सप्लाई नहीं होने के बाद भी पानी के लिए अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई है। जिनके घर बोर लगे हैं, वाटर लेवल नीचे चले जाने के कारण उन्हें भी पानी नहीं मिल पा रहा है। इस कारण वार्डवासी परेशान हैं। अन्य वार्डवासियों ने बताया कि सुबह बमुश्किल पांच मिनट तो कभी दो मिनट पानी सप्लाई हो रही है। किसी के घर दो बाल्टी तो किसी के घर एक बाल्टी पानी आ रहा है।

गुरुद्वारा वार्ड के पार्षद मेराज रंगरेज ने बताया कि, 9 दिनों से वार्ड में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। जानकारी लेने पर पता चला कि मायापुर पानी टंकी का मोटर जल गया है। इस कारण पानी सप्लाई प्रभावित हो रही है।

मेराज रंगरेज ने कहा कि, निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बताया गया, लेकिन निगम 9 दिनों में एक जला मोटर नहीं बनवा सका है। इस कारण लोगों को पेरशान होना पड़ रहा है।

 इसे लेकर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि गंभीर नहीं हैं।

जल्द बनाया जाएगा मोटर

नगर निगम के जल प्रदाय शाखा के प्रभारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि मायापुर पानी टंकी का मोटर जलने की जानकारी मिली है। आज नया मोटर लगा दिया जाएगा, इसके बाद व्यवस्था ठीक हो जाएगी।


अन्य पोस्ट