सरगुजा

ग्राफ्टेड तरबूज की नर्सरी से किसानों में जागी नई उम्मीद
05-May-2025 11:31 PM
 ग्राफ्टेड तरबूज की नर्सरी से किसानों में जागी नई उम्मीद

 जबरदस्त रिकॉर्ड उत्पादन से बढ़ेगी आय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 मई। वर्ष 2024 में करजी फाम्र्स द्वारा आयोजित ग्राफ्टेड तरबूज की हार्वेस्ट डे कार्यक्रम ने क्षेत्र के किसानों को गहराई से प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में दिखाई गई उन्नत किस्मों की खेती, रोग प्रतिरोधक क्षमता और अधिक उत्पादन की संभावनाओं ने किसानों को तरबूज की खेती में दोबारा लौटने के लिए उत्साहित किया।

करजी फाम्र्स की पौधशाला से ग्राफ्टेड तरबूज के पौधों के रोपण के बाद किसान एक बार फिर तरबूज की खेती की ओर लौटे हैं। पहली बार ग्राफ्टेड तरबूज की खेती में 35 टन प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर्ज किया गया है। यह सफलता ग्राम- बोझा के स्थानीय किसान धनेश्वर राजवाड़े ने आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक मार्गदर्शन से प्राप्त की। ग्राफ्टेड तरबूज की फसल की खेती को सरगुज़ा के अलावा झारखंड में भी प्रयोग कर बेहतरीन उत्पादन लिया गया। ग्राफ्टेड तरबूज की यह किस्म रोग प्रतिरोधक होने के साथ-साथ अधिक उत्पादन देने में सक्षम है।

 कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तरीका क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा। यह उपलब्धि सरगुजा को तरबूज उत्पादन में एक नई पहचान दिला सकती है। यह तरबूज की खेती में अब तक का सबसे अधिक उत्पादन माना जा रहा है। किसानों ने बताया कि ग्राफ्टेड पौधे रोग प्रतिरोधक होने के साथ-साथ मौसम के अनुसार बेहतर अनुकूलन दिखाते हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में तरबूज उत्पादन को नया आयाम दे सकती है।


अन्य पोस्ट