सरगुजा

चार परिवारों में सरगुजा पुलिस की पहल से बनी आपसी सहमति, विवादों का समाधान
27-Apr-2025 11:08 PM
चार परिवारों में सरगुजा पुलिस की पहल से बनी आपसी सहमति, विवादों का समाधान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 अप्रैल। सरगुजा पुलिस द्वारा पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से घरेलू हिंसा या अन्य पारिवारिक समस्याओं का सामना कर रही महिलाओं को त्वरित सहायता दी जाती है। परामर्श केंद्र में उनकी समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित निराकरण करने के लिए एक मंच प्रदान किया जाता है, साथ ही एक सुरक्षित और सहायक वातावरण प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में ऐसे ही चार मामलों में महिला थाना अंतर्गत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के माध्यम से विवाहित जोड़ों के बीच में आपसी सुलह कराकर सहमति से विवाहित जोड़ों के मध्य विवाद की स्थिति को समाप्त कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल द्वारा महिला थाना अंतर्गत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र मे विवाद की स्थिति में आए विवाहित जोड़ो की त्वरित काउंसलिंग कराकर जोड़ों के मध्य उत्पन्न विवादों का स्थाई समाधान करने हेतु महिला थाना प्रभारी को दिशा निर्देश दिए गये थे।

इसी क्रम में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की टीम द्वारा महिला थाना में पति पत्नी के बीच हुए विवादों के 4 मामलों में दोनों पक्षो की बात सुनी गई, अधिकतम मामलों में पति-पत्नी के आपसी छोटे मोटे विवादों मे मनमुटाव पाया गया।

 परामर्श केंद्र के प्रशिक्षित एवं अनुभवी टीम द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी मनमुटाव दूर करते हुए एक साथ राजी ख़ुशी से रहने पर राजी हुए, चारों मामलों में पति पत्नी कों समझाईश दी गई।

 सरगुजा पुलिस की पहल से चार जोड़ों के मध्य आपसी सहमति बन पाई एवं उक्त परिवार के मध्य विवाद की स्थिति समाप्त हुई है। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के दौरान महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज, काउंसलर मीरा शुक्ला, आशा उपाध्याय, प्रधान आरक्षक संतोष गुप्ता महिला आरक्षक रीना दास, दिव्या, आरक्षक किशोर तिवारी सक्रिय रहे।


अन्य पोस्ट