सरगुजा

सुव्यवस्थित नगर विकास के लिए समन्वय, योजना और दूरदृष्टि आवश्यक-अनुराग
23-Apr-2025 9:58 PM
सुव्यवस्थित नगर विकास के लिए समन्वय, योजना और दूरदृष्टि आवश्यक-अनुराग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 अप्रैल। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में संकल्प भवन, भाजपा कार्यालय में भाजपा पार्षद एवं एम.आई.सी. सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पार्षद मनीष सिंह एवं पूर्व पार्षद मधुसूदन शुक्ला की उपस्थिति रही।बैठक का मुख्य उद्देश्य अंबिकापुर नगर के सर्वांगीण विकास को लेकर चर्चा करना था। पार्षदगणों द्वारा नगर की विभिन्न समस्याओं, समाधान एवं सुव्यवस्थित विकास हेतु अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए। बैठक में नगर के भविष्य को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में अनुराग सिंह देव ने कहा कि सुव्यवस्थित नगर विकास के लिए समन्वय, योजना और दूरदृष्टि आवश्यक है। भाजपा इस दिशा में पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। इस दौरान अखिलेश सोनी ने कहा कि नगर का समग्र विकास तभी संभव है जब हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो यही भाजपा की प्राथमिकता है।

बैठक को संबोधित करते हुए भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि अंबिकापुर नगर को विकास के हर क्षेत्र में एक आदर्श नगर बनाया जाए। जनभागीदारी से ही समृद्धि संभव है।

अपने संबोधन में महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि अंबिकापुर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट नगर के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

नगर विकास को लेकर बैठक में भाजपा के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट