सरगुजा

कांग्रेस ने ईडी और केंद्र सरकार का फूंका पुतला
16-Apr-2025 10:37 PM
कांग्रेस ने ईडी और केंद्र सरकार का फूंका पुतला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 16 अप्रैल। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से ईडी द्वारा चार्जशीट दायर करने के विरोध में कांग्रेस ने ईडी और केंद्र सरकार का पुतला फूंका।

राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस ने घड़ी चौक में ईडी और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। पुतला जलाने को लेकर पुलिस वालों के साथ झूमाझटकी के बीच कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस के तमाम प्रयासो के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता गोल घेरा बनाकर आसानी से पुतला फूंकने में सफल हुए।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष  सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है। नेशनल हेराल्ड अखबार आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के विरुद्ध एक मजबूत वैचारिक हथियार के रूप में था। उसे बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने यंग इंडिया नामक गैर लाभकारी कम्पनी बनाकर आगे आयी। जब सारे लेनदेन बैंक खाते से किया गया। कम्पनी ने कोई लाभ नहीं कमाया तो घोटाले की बात कहां से आ गयी। 2012 से जांच के नाम कांग्रेस नेताओं को बदनाम किया जा रहा है। आज तक जांच एजेंसियों के हाथ कुछ भी हासिल नहीं हुआ। इससे पहले कोविड के समय बीमार अवस्था में सोनिया जी से 12 घण्टे और राहुल गांधी से 50 घण्टे की पूछताछ हो चुकी है। देश में जब भी कोई गम्भीर संकट की स्थिति बनती है केंद्र सरकार उससे जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाती है। हम अंग्रेजों से लडक़र उन्हें देश छोडऩे पर मजबूर करने वाले लोग हैं, षड्यंत्र से डरने वाले नहीं। इसका पुरजोर विरोध होगा।

इस दौरान पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद,राकेश गुप्ता, विनय शर्मा बंटी,मो इस्लाम,मदन जायसवाल,राजीव अग्रवाल,शैलू सोनी, रामविनय सिंह,हेमन्त तिवारी,अनिल सिंह,वालकेश्वर, संजय विश्वकर्मा,हेमन्त तिवारी, मधु दीक्षित, सिमा सोनी,लालचंद यादव, सत्येंद्र तिवारी,आशीष वर्मा, दीपक मिश्रा,अशफाक अली, प्रमोद चौधरी,लवकेश पासवान,रजनीश सिंह, चन्द्र प्रकाश सिंह, नीतीश चौरसिया, आलोक सिंह, सतीश बारी, हिमांशु जायसवाल, संजीव मंदिलवार, नरेंद्र विश्वकर्मा, अमितेज सिंह,अविषेक शुक्ला,राशिद अंसारी, बाबर इदरीसी, सौरभ फिलिप,अमित सिंह, धीरज गुप्ता, वेद प्रकाश शर्मा, उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट