सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 14 अप्रैल। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में मां की हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने अपनी मां के कमरे में गांव के ही एक युवक को रात में देखकर दोनों की पिटाई कर दी थी। मारपीट में आई अंदरूनी चोटों की वजह से महिला की मौत हो गई। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पोड़ी निवासी छोटू मराबी (20) ने गुरुवार की रात अपनी मां मान कुंवार के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद मानकुंवर अचेत हो गई थी। परिजनों ने उसका इलाज भी नहीं कराया। वो घर में ही पड़ी रही और उठ-बैठ नहीं पा रही थी। रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी छोटू मराबी ने आरोप लगाते बताया कि 10 अप्रैल को वह ग्राम खुखरी में अपने भांजे के फलदान कार्यक्रम में गया था। रात करीब 9.30 बजे वो वापस घर लौटा तो उसका बड़ा भाई अहिबरन सिंह मरावी और उसका दोस्त शराब के नशे में घर के बरामदे में सोए थे। दोनों को सोया देख वह अपने कमरे में चला गया।
करीब एक घंटे बाद वह बाथरूम जाने के लिए निकला तो भाई का दोस्त रात बरामदे में नहीं था। बाथरूम से लौटा तो उसने मां के कमरे से आवाज आती हुई सुनी। उसने परदा हटाकर देखा तो वह उसकी मां के साथ कमरे में सोया था। उसने मां के साथ आपत्तिजनक हरकत करते देख लिया था। इससे आक्रोशित होकर उसने दोनों की डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान भाई का दोस्त घर से भाग निकला।
दरिमा थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामले में पुलिस ने छोटू मराबी के खिलाफ धारा 103(1) का अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।