सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 6 अप्रैल। उदयपुर में शनिवार को अष्टमी तिथि पर युवा मित्र मंडली द्वारा एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रैली और आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। यह यात्रा उदयपुर के शिव मंदिर से शुरू हुई और सेंट्रल बैंक चौक, स्टेट बैंक चौक सहित पूरे शहर में निकली।
शोभायात्रा में अम्बिकापुर से भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
शोभायात्रा के मुख्य आकर्षणों में गंगा आरती, राम-जानकी झांकी, राधा-कृष्ण झांकी और हनुमान जी की झांकी शामिल रहीं। इन झांकियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर युवा मित्र मंडली द्वारा अतिथियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह आयोजन दोपहर 2 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक चला।
आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। युवा मित्र मंडली के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जी-जान से प्रयास किए।
इस भव्य शोभायात्रा ने उदयपुर में धार्मिक उत्साह और सामुदायिक एकता का शानदार प्रदर्शन किया।