सरगुजा

सडक़ दुर्घटना के बाद प्रधान आरक्षक की पिटाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
03-Mar-2025 10:29 PM
सडक़ दुर्घटना के बाद प्रधान आरक्षक की पिटाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर, 3 मार्च। अम्बिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के मिशन अस्पताल के समीप बीती रात एक सडक़ दुर्घटना के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार 4 युवकों ने मणिपुर थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी अनुसार, मणिपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, जो सिविल ड्रेस में थे, अपनी ड्यूटी समाप्त कर देर रात वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की टक्कर दूसरी कार से हो गई। मामूली सडक़ दुर्घटना के बाद विवाद इतना बढ़ा कि चार युवकों ने प्रधान आरक्षक सतीश सिंह से मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक्शन में आते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

सोमवार को आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। थाना में आरोपियों के साथ पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

 न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों आरोपियों को पेश किया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल प्रधान आरक्षक सतीश सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस चौथे फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट