सरगुजा

शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचीं नवनिर्वाचित महापौर मंजूषा भगत
02-Mar-2025 8:33 PM
शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचीं नवनिर्वाचित महापौर मंजूषा भगत

कहा सभी 48 वार्डों में बिना भेदभाव के करूंगी विकास के कार्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 2 मार्च। अंबिकापुर नगर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी में नवनिर्वाचित महापौर मंजूषा भगत शपथ ग्रहण उपरांत सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंच महापौर के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंजूषा भगत ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में भले ही कांग्रेसी पार्षद नहीं आए, लेकिन मैं बिना भेदभाव के 48 वार्डों में विकास के कार्य करूंगी। पिछले 10 वर्ष में नगर निगम का पूरा सिस्टम खराब हो गया था, उसे ठीक करने की बात कही।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता मूलभूत आवश्यकता लोगों को पानी उपलब्ध करना, इसके साथ ही लाइट को दुरुस्त करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने कहा कि निगम की कांग्रेस सरकार ने 10 वर्षों में जो सडक़ पर गड्ढे ही गड्ढे किए हैं, उसे वह ठीक करवाएंगी।

अंबिकापुर नगर निगम को स्मार्ट सिटी के रूप में डेवलप करने के प्रश्न पर महापौर ने कहा कि केंद्र और राज्य में हमारी सरकार है, वह अंबिकापुर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए अधिकारियों से विचार विमर्श कर इस पर काम करेंगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्वासन दिया है कि अंबिकापुर नगर निगम के विकास में रुपए की कभी कमी नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि वह सोमवार को वर्किंग डे के साथ अपने कार्य की शुरुआत करेंगी और निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर उचित दिशा निर्देश देंगी।

शपथ ग्रहण को लेकर मंजूषा भगत ने कहा कि वह अपने पिता के सामने एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के उपस्थिति में शपथ ग्रहण किया, यह पल उनके जीवन के सबसे खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि मैं हर रोज सुबह 11 बजे निगम कार्यालय पहुंच जाऊंगी और अपने कार्य में लगने की बात कही।


अन्य पोस्ट