सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 जनवरी। मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर सहित आसपास के क्षेत्र में सुबह 11 बजे तक बादल और घना कोहरा छाया रहा। दिन में 11 बजे के बाद हल्की धूप निकल आने के बाद भी दिन में भी ठंड का ऐहसास होता रहा। हालांकि, बादलों के छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है और कड़ाके की ठंड से राहत मिली है।
दिसंबर के पहले सप्ताह में सरगुजा में ठंड की वापसी हुई और न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री के करीब पहुंच गया था। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर से बादल छाने लगे। इससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को बढक़र 9.4 डिग्री हो गया है।
सोमवार रात से सरगुजा में घना कोहरा छाने लगा और मंगलवार सुबह अधिकांश इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। बादलों के कारण सूर्य नहीं निकलने से सुबह 11 बजे तक धूप नहीं दिखी। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। सर्द हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन का ऐहसास होता रहा। स्थिति यह बनी की दिन में भी लोग गर्म कपड़े से लदे हुए दिखाई दिए।
बादल छंटने के बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए हैं। हवा में पर्याप्त नमी और ठंड के असर से कोहरा छाया हुआ है। यह स्थिति आगामी दो दिनों तक रह सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी शीत लहरों के प्रवेश की रफ्तार कम हुई है। विक्षोभ का असर समाप्त होते ही एक बाद फिर से ठंड की वापसी होगी और कड़ाके की ठंड पड़ेगी।