सरगुजा

मन्नत पूरा होने पर जिंदा चूजा निगला, युवक की मौत
16-Dec-2024 10:30 PM
मन्नत पूरा होने पर जिंदा चूजा  निगला, युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 16 दिसंंबर। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मन्नत पूरा करने मुर्गी का जिंदा चूजा को ही निगल लिया,जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक़ अंबिकापुर से लगे ग्राम छिन्दकालो निवासी आनंद राम यादव को बेहोशी की हालत में परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां जांच कर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पीएम करने वाले डॉक्टर भी इस हैरतअंगेज केस को देखकर हैरान हैं। डॉक्टर ने बताया कि परिवार वाले ने बेहोश होकर गिरने की बात बताई थी। पोस्टमार्टम के दौरान जब डॉक्टर ने युवक के गले को चेक किया तो देखकर दंग रह गए। मृतक के गले में  मुर्गी का चूजा फंसा था। डॉक्टर संतु बाग का कहना है कि 15 हजार से अधिक पोस्टमार्टम में यह पहला ऐसा हैरत अंगेज केस देखा है।

बताया जा रहा है कि आनंद राम की 15 साल से संतान नहीं हो रही थी। संतान की चाहत में आनंद राम काफी परेशान रहता था। गांव के ही किसी व्यक्ति ने सलाह दिया था कि गांव की एक  महिला बैगा से झाड़ फूंक कराने से संतान हो सकती है। संतान की चाह में एक साल से आनंद राम गांव की ही महिला बैगा के पास झाड़ फूंक कराता था और आखिर में 5 महीने पहले एक पुत्र ने जन्म लिया।

पुत्र के जन्म लेने से घर में खुशियों का माहौल था। पांच दिन पहले ही मृतक ने अपने  5 महीने के बच्चे का मुंडन कराने ससुराल और परिवार वालों को बुलाया था। परिवार वालों का कहना है कि बेटे के लिए मृतक आनंद राम ने मन्नत मांगी थी और उसी मन्नत को पूरा करने के लिए बीते दिन एक काला रंग के मुर्गी के चूजे को 200 रुपए में खरीद कर लाया था। परिवार वालों के पूछने पर खास काम के लिए मुर्गी का बच्चा लाने की बात उसने बताई थी।

बताया जा रहा है कि मन्नत पूरा करने जिंदा चूजे को निगल लिया जिससे चूजा उसके गले में ही फंस गई और युवक की मौत हो गई।


अन्य पोस्ट