सरगुजा
हड़ताली कर्मचारियों को महापौर, सभापति व पार्षदों ने दिया समर्थन
अम्बिकापुर, 11 दिसंंबर। नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले छत्तीसगढ़ 184 निकायों के कर्मचारी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चिकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल पर चले जाने से अंबिकापुर नगर निगम के कई कामकाज प्रभावित हुए और व्यवस्था चरमरा गई है, वहीं नगर निगम अंबिकापुर के प्लेसमेंट कर्मचारियों को हड़ताल पर सभापति अजय अग्रवाल, महापौर डॉ. अजय कुमार तिर्की और नगर निगम के पार्षदों ने समर्थन दिया।
कर्मचारियों की मांग है कि निकाय के कर्मचारियों को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान करने,ओल्ड वेतन योजना लागू करने, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने, 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर कर्मचारियों की पदोन्नति करने, 6वें व 7वें वेतनमान एरियस राशि भुगतान करने, नगरीय निकाय में ठेका पद्धति समाप्त करने शामिल है।
नगरीय निकाय के कर्मचारीयो ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कोई भी कर्मचारी या परिवार के सदस्य मतदान में भाग नहीं लेगे। इस संबंध में कर्मचारियों से चुनाव में भाग में नहीं लेने संबंधी प्रपत्र भरवाया गया है जिसे निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ एवं विभागीय मंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
वर्तमान में कई नगरीय निकायों में 2 से 4 माह का वेतन भुगतान लंबित है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा नगरीय निकायों में 1 तारिख को वेतन भुगतान किये जाने हेतु आदेश भी प्रसारित किया गया है किन्तु नगरीय निकायों के अधिकारी आदेश का पालन सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं।


