सरगुजा

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने एनएच-43 पर पैच रिपेयर का किया निरीक्षण
07-Dec-2024 10:35 PM
 पूर्व उपमुख्यमंत्री ने एनएच-43 पर पैच रिपेयर का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 7 दिसंंबर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने मनेन्द्रगढ़ मार्ग की खस्ताहाल सडक़ पर पैच रिपेयर के काम का निरीक्षण किया।

ज्ञात हो कि खतरनाक हो चुके इस सडक़ के निर्माण के लिए चक्काजाम करने पर सरगुजा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर अपराध दर्ज हुआ था। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के गड्ढों को भरने का काम लोक निर्माण विभाग 85 लाख की लागत से करा रहा है।

 छत्तीसगढ़ के प्रथम उपमुख्यमंत्री सिंह देव ने पीजी कॉलेज से शैलगिरी होटल के बीच सडक़ पर बीटी पैच रिपेयर कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अमले से कार्य की गुणवत्ता और प्रकृति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि जन भावनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की सडक़ का संधारण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। गांधी चौक से सिलफिली के बीच गड्ढों को भरने में 85 लाख का खर्च अनुमानित है। श्री सिंह देव ने कहा कि एनएच के दोनों तरफ नाली निर्माण कर सडक़ का अपग्रेडेशन किये बिना पैच रिपेयरिंग से क्षणिक राहत ही सम्भव है। सडक़ पर पानी जमा होता है ऐसे में बरसात में सडक़ का टूटना स्वभाविक है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर चौक से एनएच तक, सदर रोड, घुटरा पारा सहित सभी सडक़ों को प्रमुखता के साथ  आवश्यकतानुसार नवनिर्माण और पैच रिपेयरिंग करने कहा।

 उल्लेखनीय है कि शहर के चारों दिशाओं की सडक़ें बेहद खराब है। आये दिन दुर्घटना हो रही है। धूल से लोग बीमार पड़ रहे हैं। रोड किनारे के व्यवसाइयों का व्यवसाय प्रभावित होता है। सडक़ों के सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन, चक्काजाम करने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं पर विगत 45 दिन में दो बार आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता,प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा,विनय शर्मा बंटी, हेमन्त तिवारी,वेदप्रकाश शर्मा बेदी,शैलेन्द्र प्रताप सिंह,शैलेन्द्र सोनी, दिलीप धर,संजीव मंदिलवार,मदन जायसवाल,प्रमोद चौधरी,संजय सिंह,अजय सिंह,आलोक सिंह, निक्की खान,सतीश बारी, इमरान खान,हिमांशु जायसवाल,आशीष जायसवाल, प्रिंस विश्वकर्मा,ज्ञान तिवारी ,शशि ,विशाल देवनाथ,अभिषेक सोनी,अविनाश कुमार,ऋषभ गर्ग,प्रीति सिंह,सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट