सरगुजा
असामाजिक तत्वों के साजिश की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर/उदयपुर, 19 नवंबर। लखनपुर के ग्राम बिनिया में सोमवार देर रात किसान के खलिहान में रखे धान में आग लगने से 7 ट्रैक्टर धान जलकर राख हो गया। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन किसान ने असामाजिक तत्वों की साजिश की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक गत रात 2 बजे बोलेरो से पटकुरा गांव की ओर जा रहे विनय, राजू और उमेश ने खलिहान से उठती आग देखकर तुरंत किसान शिव प्रसाद यादव को जगाया और इसकी जानकारी दी। सूचना देने के बाद फायर ब्रिगेड सुबह 4 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक खलिहान और उसमें रखा पूरा धान जलकर स्वाहा हो चुका था।
खेत से काटकर मिसाई के लिए तैयार किए गए धान को खलिहान में रखा गया था। किसान और उनके बेटे के अनुसार, इस फसल से लगभग 70-80 क्विंटल धान की उपज की उम्मीद थी। आग में यह पूरी तरह नष्ट हो गया।
पीडि़त किसान शिव प्रसाद यादव, जो पिछले ढाई साल से अपने बेटे की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, ने बताया कि वह 7 लाख रुपये के कर्ज में डूबे हैं। इस बार फसल से उन्हें कर्ज चुकाने की उम्मीद थी, लेकिन आग ने उनकी सारी उम्मीदें खत्म कर दीं। उनके बेटे बालेश्वर यादव ने कहा हमारे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा। खलिहान में रखी पूरी फसल जल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर कुन्नी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घटना के पीछे असामाजिक तत्वों की साजिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
घटना से गांव में डर और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है। साथ ही, पीडि़त किसान को मुआवजा देने की भी अपील की गई है। आगजनी में लगभग 70-80 क्विंटल धान का नुकसान, जो उनके कर्ज चुकाने का मुख्य साधन था। किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने की अपील की है।


