सरगुजा
आटोमोबाइल्स, फर्नीचर, जेवरात व बर्तन दुकान रहा गुलजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
आबकापुर, 29 अक्टूबर। मंगलवार को धनतेरस पर अम्बिकापुर बाजार में जमकर धन वर्षा हुई। सुबह से देर रात तक बाजार गुलजार रहा। लोगों ने जमकर खरीदारी की, जिसके कारण करोड़ों रुपए का कारोबार शहर में हुआ। ऑटोमोबाइल्स, फर्नीचर, जेवरात, बर्तन की जमकर खरीदी लोगों ने की। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ देखी गई। ऑटोमोबाइल संस्थानों में भी सैकड़ों दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है।
इस बार धनतेरस में वाहनों, ज्वेलरी व फर्नीचर की बिक्री काफी हुई। चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर एवं दोपहिया वाहनों की रिकार्ड बिक्री हुई। पुष्य नक्षत्र में व्यापार के बाद धनतेरस में जमकर धनवर्षा हुई। धनतेरस पर भगवान धनवंतरी व कुबेर की पूजा-अर्चना के साथ धनतेरस पर सुख, समृद्धि के मंगल दीप जलाए गए। इसी के साथ ही ज्योति पर्व का आरंभ भी हो गया।
धनतेरस पर सुबह से ही नगर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भारी भीड़ उमडऩी शुरु हो गई थी। जिले भर से आए लोगों ने जमकर खरीददारी की। दोपहिया, चारपहिया वाहनों के दाम बढऩे के बावजूद लोगों ने जमकर खरीदारी की। सोने, चांदी के दामों में भी बढ़ोतरी के बाद भी आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स सामान खरीदने लोग उमड़े।
महिलाएं जहां ज्वेलरी और रसोई के जरुरी बर्तनों, पूजा के सामानों की खरीददारी में लगी रहीं। वहीं पुरुष वर्ग इलेक्ट्रानिक्स सामान, दोपहिया, चारपहिया वाहनों की खरीददारी में लगे रहे। धनतेरस पर सोने एवं चांदी के दामों में स्थिरता के कारण लोगों ने ज्वेलरी दुकानों में अन्य वर्षों की तुलना में व्यवसाय बेहतर रहा। सोने, चांदी के सिक्कों के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां व अन्य आभूषणों की जमकर खरीददारी हुई।
इस वर्ष धनतेरस पर आटोमोबाइल्स का व्यवसाय भी चमका। लोगों ने चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की जमकर खरीददारी की। दोपहिया वाहनों में हीरो, होंडा एवं ट्रैक्टरों की जमकर बिक्री हुई।दोपहिया वाहनों की एजेंसियों में तो पखवाड़े भर पहले से बुकिंग की गई थी, वहीं चारपहिया वाहनों में सर्वाधिक बिक्री हुई। धनतेरस पर इस बार भी फर्नीचर व्यवसाय में चमक रही। पिछले कुछ वर्षों से लोग तरह-तरह के फर्नीचर खरीदने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी का बाजार भी रहा गुलजार
पेट्रोल की महंगाई के कारण इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी का बाजार भी गुलजार रहा। पहले से विभिन्न कंपनियों के इलेक्ट्रॉनिक बाइक की बुकिंग की गई थी। लोगों ने इस बार विभिन्न नामी कंपनियों के दो पहिया वाहनों के साथ इलेक्ट्रॉनिक बाइक की जमकर खरीददारी की।
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
धनतेरस के दिन सुरक्षा बलों के साथ जिला पुलिस बल के अधिकारी- जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च किया। त्यौहारी सीजन को देखते हुए असामाजिक और अपराधी तत्वों को कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। फ्लैग मार्च घड़ी चौक से आरंभ हुआ था। सभी अधिकारी, जवान पैदल ही शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे।
धनतेरस की खरीदारी के लिए उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों में धनतेरस के दिन वन वे व्यवस्था लागू कर दी थी। इस कारण चार पहिया और तीन पहिया की वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिला, जिसके कारण आम लोगों को आवागमन में ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।


