सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 अक्टूबर। बलरामपुर के भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंह देव के 6 वर्षीय पुत्र की दुर्घटना में मौत हो गई है।
धीरज सिंहदेव मंगलवार को अपनी बहन व जीजा के घर अम्बिकापुर शहर के गोधनपुर स्थित वसुंधरा कॉलोनी में पत्नी व 6 वर्षीय बेटे स्वतंत्र सिंहदेव उर्फ शुभ के साथ घूमने आए थे। रात करीब 10 बजे वे घर लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान उनका बेटा स्वतंत्र सिंहदेव बहन के घर के बाहर खेल रहा था तभी एक कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे कुचल दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
परिजनों द्वारा बालक को गंभीर हालत में बिलासपुर अपोलो अस्पताल में लेकर पहुंचे थे, जहां बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से भाजपा नेता व उनके परिजनों में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने जान-बूझकर चालक अनमोल सिन्हा पर कार द्वारा बच्चे को कुचलने का आरोप लगाया है।