सरगुजा

कांग्रेस ने व्यवस्था सुधार न होने पर दी जनांदोलन की चेतावनी
29-Jul-2024 8:24 PM
कांग्रेस ने व्यवस्था सुधार न होने पर दी जनांदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 29 जुलाई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही के चलते तीन दिन में दो मरीजों की मौत पर संज्ञान लेकर कांग्रेस ने व्यवस्था में सुधार न होने पर जनांदोलन की चेतावनी दी है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता,प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष हेमन्त सिन्हा, विनय शर्मा बंटी की अगुवाई में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या से मिलकर अपनी बात रखी। कांग्रेसियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज की ऑक्सीजन न मिलने से मौत पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी बेहद गम्भीर विषय है यदि नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही से घटना हुई तो यह और भी भयावह और अमानवीय है। इसकी जांच कराकर दोषी लोगों पर कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। दर्रीपारा की एक महिला अस्पताल में इलाज के लिए आई उसे उपचार के बिना घर भेज दिया अगले दिन उसकी मौत हो गयी। मामले में परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। यह बेहद दुर्भाग्यजनक है।

 रामपुर में भी सडक़ दुर्घटना में सिर में चोट आने से गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को रायपुर रेफर किया गया था उसे परिजनों और जनप्रतिनिधियों  के बार बार आग्रह के बाद भी एम्बुलेंस उपलब्ध नही कराया गया।

कांग्रेसजनों  ने आरोप लगाया लगातार इस तरह की शिकायत  लगातार आ रही है।अस्पताल प्रबंधन सत्तापक्ष के जन प्रतिनिधियों के आवभगत में  लगा है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने अस्पताल में लगाए गए कैमरों की फुटेज,पीडि़त पक्षो के बयान के आधार पर जांच करा दोषियों पर कार्यवाही की मांग की।

अस्पताल अधीक्षक ने जांच के बिना किसी तरह की कार्रवाई से असमर्थता व्यक्त की है। उन्होंने कहा नर्सिंग स्टाफ  के व्यवहार में सुधार की जरूरत है।इसके लिए दिल्ली की एक संस्था से प्रशिक्षण की व्यवस्था एक वर्ष पूर्व की गई थी।ऐसे ही प्रशिक्षण की तैयारी की जा रही है।उन्होंने कहा जांच से पहले किसी तरह की कार्रवाई से नर्सिंग स्टाफ लामबंद हो सकते हैं जिससे अस्पताल की व्यवस्था ठप हो जाएगी। कांग्रेस ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार न होने पर सडक़ पर आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी दी है।

इस दौरान शैलेन्द्र सोनी, विकल झा, आशीष वर्मा,अनूप मेहता,सुदामा कुर्रे,चन्द्र प्रकाश सिंह, दीपक मिश्रा, काजू खान,रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, काजू खान समेत कांग्रेस जन मौजूद थे।


अन्य पोस्ट