सरगुजा

नगर निगम के परिसीमन को लेकर बवाल, कांग्रेस ने सत्ता पक्ष के दबाव में मनमानी का लगाया आरोप
10-Jul-2024 9:05 PM
नगर निगम के परिसीमन को लेकर बवाल, कांग्रेस ने सत्ता पक्ष के दबाव में मनमानी का लगाया आरोप

कहा, अधिनियम का उड़ाया जा रहा है मजाक, विरोध करने की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 10 जुलाई। नगर निगम के परिसीमन को लेकर अब बवाल खड़ा हो रहा है। बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने सत्ता पक्ष के दबाव में मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिनियम का मजाक उड़ाया जा रहा है। परिसीमन को लेकर आरोप प्रत्यारोप के दौर के बीच आज कांग्रेस के नेताओं ने एक स्वर में अम्बिकापुर नगर निगम सहित प्रदेश के कई निकायों में हुए परिसीमन को राजनीतिक आधार पर होने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध करने की घोषणा की है।

विदित हो कि इसी वर्ष के अंत में नगरीय निकाय चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए राज्य शासन के निर्देश पर निकायों के परिसीमन की प्रक्रिया की जा रही है अम्बिकापुर सहित अन्य निकायों का परिसीमन करते हुए लोगों से उस पर आपत्ति व सुझाव 15 जुलाई तक मांगे गए हैं.कल हुए प्रकाशन के बाद कांग्रेस से ही कांग्रेस ने इसपर आपत्ति जतानी प्रारंभ कर दी थी। आज इस मुद्दे पर अम्बिकापुर नगर निगम के महापौर अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं जेपी श्रीवास्तव, हेमंत सिन्हा, जीवन यादव सहित अन्य ने प्रेस वार्ता में अम्बिकापुर नगर निगम के नये परिसीमन को बिना किसी जांच या सर्वे के करने तथा एक राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से करने का आरोप लगाया।

सभापति अजय अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाकर किये गए परिसीमन में नियम कानूनों का मजाक उड़ाया गया है तथा अधिनियम की शर्तों का पालन नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि नियमानुसार किसी वार्ड की जनसंख्या को औसत से 10 प्रतिशत तक ही कम या ज्यादा किया जा सकता है परन्तु कई वार्डों में इसका स्पष्ट उल्लंघन किया गया है बिना किसी सर्वे या जांच पड़ताल के कार्यालयों में बैठकर परिसीमन कर दिया गया। उन्होंने कई वार्डों का उदाहरण देते हुए वार्डों की सीमाओं को अप्रासंगिक तरीके से निर्धारित करने का भी आरोप लगाया।

एमआईसी सदस्य व पूर्व निगम सभापति शफी अहमद ने परिसीमन को नियम कानून का खुला दुरूपयोग बताया और इसे सीधे भाजपा को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने परिसीमन के लिए शासन-प्रशासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों पर अनैतिक दबाव बनाने का भी आरोप लगाया तथा भाजपा द्वारा वर्ष 2019 के परिसीमन को गलत बताने के सवाल पर भाजपा को आरोपों को प्रमाणित करने की चुनौती दी।

भाजपा द्वारा कांग्रेस पर चुनाव से डरने का आरोप लगाने पर सभापति अजय अग्रवाल ने साफ किया कि हम चुनाव से नहीं डर रहे हैं और परिसीमन जैसा भी होगा हम चुनाव में पूरी ताकत से लडेंगे परन्तु ऐसा गलत भी नहीं होने देंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस परिसीमन के विरोध में कांग्रेस द्वारा जन आंदोलन सडक़ पर उतर कर किया जाएगा तथा अपनी बात सभी स्तरों पर रखने के बाद न्यायालय की शरण में भी आवश्यकता होने पर जाऐंगे।

कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद-आलोक दुबे

नगर निगम भाजपा के पार्षद आलोक दुबे ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस का आरोप पुरी तरह बेबुनियाद और गलत है।कांग्रेस आगामी नगर निगम अंबिकापुर के चुनाव में संभावित हार को देखते हुए यह आरोप लगा रही है। कांग्रेस के लोग भूल गए क्या 2019 के परिसीमन में निगम के अधिकारी ‘तपस्या’ में बैठकर वार्डों का परिसीमन तय किये थे।


अन्य पोस्ट