सरगुजा

लिबरा वाटरफॉल में डूबने से युवक की मौत
29-May-2024 9:22 PM
लिबरा वाटरफॉल में डूबने से युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 मई।
अंबिकापुर से कुछ ही दूरी पर स्थित दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिबरा वाटरफॉल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो वर्षों में लगातार वहां यह दूसरी मौत है।

गत वर्ष एक मौत हो जाने के बाद वहां जाने के लिए ग्रामीणों ने प्रतिबंध लगा दिया था। उसके बाद से काफी समय तक लोगों का वहां जाना बंद था, परंतु इस वर्ष फिर से भारी संख्या में युवक-युवतियों का वहां पहुंचना शुरू हो गया है। 

बुधवार को अंबिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र से अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा युवक अनु द्विवेदी वाटरफॉल में डूब गया। बताया जा रहा है कि उसे डूबता देख उसके साथी वहां से भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार युवक शराब पिए हुए था।

ज्ञात हो कि गर्मी के इस मौसम में अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्र से लगातार लिबरा वाटरफॉल में लोग परिवार के साथ पहुंच रहे थे। धीरे-धीरे वहां युवक युवतियों की इतनी भीड़ लगने लगी की वह स्थान परिवार वालों के जाने लायक नहीं रहा। सोशल मीडिया में रील डालने की होड़ में भी वहां पर युवक युवती असुरक्षित तरीके से नहाते हुए दिखाई देते हैं। 

तीन दिन पहले दरिमा पुलिस ने इसे देखते हुए वाटरफॉल को बंद करवा दिया था। परंतु पुलिस के जाने के बाद फिर से वहां लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। आलम यह है कि आज भारी संख्या में वहां लोग नहाने के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान युवक गहरे पानी में जाने से डूब गया। 


अन्य पोस्ट