सरगुजा

पानी को तरस रहे वार्डवासियों का फूटा गुस्सा, निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन
29-May-2024 9:11 PM
पानी को तरस रहे वार्डवासियों का फूटा गुस्सा, निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 मई।
झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बीच बीते चार माह से बूंद बूंद पानी को तरस रहे वार्ड वासियो का गुस्सा आज फूट पड़ा। वार्ड के पार्षद के साथ वार्डवासियों ने निगम कमिश्नर कार्यलय पहुंच कर जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते हुए पानी व अन्य मूलभूत सुविधाएं दिए जाने की मांग करते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

वार्ड में पानी और खस्ताहाल सडक़ को लेकर पार्षद व वार्ड वासियों ने निगम आयुक्त से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया, वहीं निगम आयुक्त प्रकाश सिंह राजपूत ने वार्ड की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण की बात कही है।

नगर निगम अम्बिकापुर के अंतर्गत शहीद वीर नारायण वार्ड नं-22 के वार्डवासी आज पार्षद के साथ निगम कार्यालय पहुंच कर पानी की समस्या के साथ खस्ताहाल सडक़ को लेकर प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने बताया कि झुलसा देने वाली इस भीषण गर्मी में वार्ड के लोगो को पिने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है,जिससे वार्ड वासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि वार्ड में लगे हैंडपंप से भी गंदा पानी निकल रहा है,जिसे वार्ड वासी छान कर पीने को मजबूर हंै। 

वार्ड नं 22 के मंगरढोंढा, शिकारीरोड ,घुटरापारा में लोग पानी की समस्या से झूझ रहे हैं,वहीं वार्ड वासियो ने बताया कि निगम द्वारा बिना पानी दिये ही पानी का बिल थमाया जा रहा है।

वार्ड वासी मंसा साहू,सुमंती गुप्ता,सतीश बारी पार्षद वार्ड नं 22 नगर निगम अम्बिकापुर ने कहा कि अम्बिकापुर नगर निगम की जनता को 24 घण्टे पानी उपलब्ध हो सके जिसको लेकर 100 करोड़ रुपये की लागत से अमृत मिशन योजना की शुरुवात की थी जिसका काम भी पूरा हो चुका है मगर एक अरब की लागत लगने के बाद भी लोगों को इस योजना का लाभ नही मिल रहा है।

आलम यह है कि अब लोग इस गर्मी में बूंद बूंद पानी को भी तरस रहे हैं।


अन्य पोस्ट