सरगुजा

नौतपा के चौथे दिन उबला सरगुजा, प्रचंड गर्मी ने तोड़े कई रिकॉर्ड, पारा 44 के पार
28-May-2024 8:47 PM
नौतपा के चौथे दिन उबला सरगुजा, प्रचंड  गर्मी ने तोड़े कई रिकॉर्ड, पारा 44 के पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 मई।
नौतपा के चौथे दिन पूरा सरगुजा संभाग प्रचंड गर्मी के कारण उबल गया। गर्मी ने सरगुजा में रिकॉर्ड तोड़ते हुए अब तक अपने अधिकतम तापमान का नया रिकॉर्ड बनाया है। गर्मी के इस सीजन में अब तक का सबसे अधिकतम तापमान मंगलवार को दर्ज किया गया।

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में पारा जहां 44 डिग्री के करीब रहा, वहीं सूरजपुर में 44.4, बलरामपुर और कोरिया जिला में 44.2 तक पारा दर्ज किया गया जो इस गर्मी सीजन के साथ ही पिछले कई वर्षों के अधिकतम तापमान का नया कीर्तिमान बना है। सरगुजा में पर 42 व 43 डिग्री के ऊपर अब तक नहीं गया था, लेकिन 2024 के इस गर्मी सीजन में 44 डिग्री के ऊपर पारा पहुंच गया,जिससे लोग हलाकान हो गए।

मंगलवार को उमस ओर तेज गर्मी ने लोगों को हलाकान कर दिया। दिनभर आसमान मानो आग उगल रहा था। दोपहर में सडक़ों पर आवाजाही कम नजर आई। नौतपा में नौ दिन तक मौसम में बदलाव होने की संभावना है। तेज गर्मी के साथ बीच-बीच में बारिश भी हो सकती है। मंगलवार को सुबह 8 बजे के बाद ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए थे। मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए आज अंबिकापुर का पारा दोपहर तक 44 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। वही छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में भी पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया।

इतनी गर्मी पड़ रही है कि स्थिति यह है कि कूलर व एसी में भी लोग हांफने लगे हैं। मौसम में बार-बार बदलाव का असर पर लोगों के स्वास्थ्य पर पडऩे लगा है। वायरल फीवर की शिकायतें ज्यादा हैं। नौतपा 2 जून तक रहेगा। नौतपा में तेज धूप के साथ-साथ लू भी चलने की संभावना रहती है। इस कारण लोग सतर्कता भी बरत रहे हैं।

गन्ना रस व अन्य पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ी
गर्मी बढऩे के बाद ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। गन्ना रस, आमरस, लस्सी आदि की दुकानें जगह-जगह खुल गई हैं। इसके अलावा कोल्डड्रिंक और आइसक्रीम की दुकानों में भीड़ देखने को मिल रही है। काजू शेक, बादाम शेक, फालूदा आइसक्रीम की दुकानें रात तक खुली रहती हैं। रात तक इन दुकानों में भीड़ नजर आती है।

एक तरफ भीषण गर्मी, दूसरी तरफ लाइट गोल से लोग हुए परेशान
नौतपा के चौथे दिन सूर्य देवता ने जहां कहर बरपाया,वही अंबिकापुर के कई वार्डों में घंटो बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लोग इस भीषण गर्मी में पसीने से तरबतर नजर आए और बिजली विभाग को जमकर कोसा। लोगों का कहना था कि बिजली विभाग ने मानसून पूर्व अभी हाल में ही बिजली मरम्मत के लिए कई वार्डों में काम कराया था और मेंटेनेंस के नाम पर घंटो लाइट कटा था फिर अभी तो बरसात भी शुरू नहीं हुई है और जब शहर का पारा अपने अधिकतम पर है ऐसे में घंटो लाइट गोल होने से खासकर बच्चे और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


अन्य पोस्ट