सरगुजा

पुलिस की वर्दी का धौंस दिखाकर सिपाही ने खूब पहनी जींस, दुकानकर को धमकी देकर वसूले रुपये
28-May-2024 8:39 PM
पुलिस की वर्दी का धौंस दिखाकर सिपाही ने खूब पहनी जींस, दुकानकर को धमकी देकर वसूले रुपये

आईजी कार्यालय में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 28 मई ।
अम्बिकापुर में एक पुलिसकर्मी की गुंडागर्दी सामने आई। पुलिसवाले ने एक कपड़ा व्यवसायी को कई दिनों तक प्रताडि़त किया। व्यवसायी को अपने पुलिस होने का धौंस दिखाते हुए उसके कपड़े की दुकान से हजारों रुपए के कपड़े उठाकर ले गया और इसके बदले रूपये भी नहीं दिए। यही नहीं पुलिस कर्मी ने दुकानदार से रूपये भी धमकी देकर लिया है। जिसे अब तक वापस नहीं लौटाया है। इस मामले में पीडि़त ने आईजी कार्यालय तक में शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 

वर्तमान में वह पुलिसकर्मी जिस पर दुकानदार को धमका कर वसूली करने का आरोप लगा है। वह अम्बिकापुर से ट्रांसफर होकर बलरामपुर जिले में पदस्थ है। 

इस मामले में पुलिस विभाग पर आरोप है कि अपने विभाग के भ्रष्ट पुलिसकर्मी को बचाया जा रहा है। पीडि़त की शिकायत के बावजूद पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

दरअसल, अम्बिकापुर कोतवाली थाना इलाके तकिया रोड निवासी रवि गुप्ता ने सरगुजा आईजी कार्यालय में 10 जुलाई 2023 को एक शिकायत सौंपा है। जिसने अजय गुप्ता ने बताया -मैं देवींगज रोड में फैशन हाऊस के नाम से मेन्स वियर कपडे का दुकान चलाता हूं मेरे दुकान में जींस, टीशर्ट, शर्ट बेचता हूं। प्रवीण सिंह सिपाही जो कि सोनपुर कला शंकरघाट के पास रहने वाला है। ये लगभग 3 साल पहले मेरे दुकान में तीन-चार सिपाही लोग को लेकर आया और मेरे दुकान में रखो जींस के टेग को देखाकर कहने लगा कि तुम्हारे दुकान में जो जींस बेचने के लिये रखो हो उसमें जो कंपनी का टेग लगा हुआ है। उस कंपनी का जींस नहीं है तुम डुप्लीकेट माल बेचते हो, कहकर मेरे दुकान में रखे सभी जींस को बोरा में भर कर जब्त करवाने का धमकी देने लगा और कहीं कहीं फोन कर पुलिस बल बुलाने लगा ।

मैं डर गया और उसको कहा कि मैं थोक दुकान से लाकर बेचता हूं, मैं कोई गलत काम नहीं कर रहा है। जी.एस.टी. बिल मांगने लगा और धमकाने लगा कि जी.एस.टी चोरी में जेल करा दूगां। बहुत धमकाने के बाद मुझसे 20 हजार रुपये लिया और सात जींस छांट कर वो खुद अपने और अपने साथ आये सिपाहियों के लिये लेकर चला गया। इसके बाद से हमेशा जब भी होता है मेरे दुकान आकर किसी ना किसी पुलिस विभाग के बड़े साहबों का नाम लेकर साईज का जींस निकलवाकर लेकर चला जाता है और पैसा नहीं देता है। 

रवि गुप्ता ने शिकायत में आगे कहा है कि सिपाही प्रवीण सिंह द्वारा पिछले तीन साल से मुझे ब्लैक मेल कर मेरे दुकान से मुफ्तखोरी पुलिस होने के नाम पर करते हुये कई दर्जन जींस, टीशर्ट, शर्ट मुफ्त में ले गया है और हमेशा फंसाने का धमकी देकर पैसा उसूलता है। जिसके लिये कार्रवाई करते हुये उसको पुलिस के सेवा से हटाया जाये। 


अन्य पोस्ट