सरगुजा
बिहार से नाबालिगसमेत दो आरोपी पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 मई। केबीसी में ईनाम जीतने की बात कहकर झांसे में लेकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में सीतापुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक नाबालिग सहित 2 अंतरराज्यीय आरोपी को शेखपुरा बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 5 मोबाइल, 2 एटीएम कार्ड, 2 पेन कार्ड, 1 रजिस्टर एवं 10000/- रुपये नगद जब्त किया गया।
प्रार्थी को 8 लाख 50 हजार रुपये की ईनामी राशि जीतने की बात बोलकर झांसे मे लेकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 03 लाख 20 हजार रुपये की ठगी कि गई थी।

पुलिस के मुताबिक झंडेश्वर कुशवाहा निवासी सोनतराई आमापारा सीतापुर ने 16 मई को थाना सीतापुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 फरवरी को उसके पास एक अज्ञात युवक द्वारा फ़ोन कर कौन बनेगा करोड़पति में 8 लाख 50 हजार रुपये की प्राइज मनी जीतने की बात बोलकर झांसे में लेकर प्रोसेसिंग फीस, इनकम टैक्स, लेट फीस एवं अन्य चार्ज के नाम पर उससे 14 फरवरी से 26 फरवरी तक अलग अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 3 लाख 20 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। झंडेश्वर कुशवाहा की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर मे अपराध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
पुलिस टीम ने झंडेश्वर कुशवाहा से ठगी के मामले में उपयोग किये गए मोबाइल नंबर सहित खातों की जानकारी ली। पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल की सहायता से संदेहियों के सम्बन्ध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम को संदेहियों की गिरफ़्तारी हेतु शेखपुरा बिहार रवाना किया गया था।
पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के संदेहियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। पूछताछ में एक नाबालिग सहित अन्य आरोपी राजीव कुमार कबीरपुर जिला शेखपुरा बिहार का होना बताया।
आरोपियों ने केबीसी में 8 लाख 50 हजार रुपये जीतने की बात बोलकर झांसे में लेकर प्रोसेसिंग फीस एवं अन्य चार्ज के नाम पर 3 लाख 20 हजार रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल, 2 एटीएम कार्ड , 2 पेन कार्ड, 1 रजिस्टर, एवं 10000/- रुपये नगद जब्त किया गया।
नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह एवं अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।