सरगुजा
मरीजों को दूसरे वार्ड में किया शिफ्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में बुधवार की सुबह लगभग 11.30 बजे मेल सर्जिकल वार्ड में शार्ट सर्किट की वजह से हुए विस्फोट जैसे धमाके से हडक़ंप मच गया। इस दौरान मरीज व उनके परिजनों में अफरा तफरी मच गई और लोग काफी घबरा गए।
अस्पताल कर्मियों द्वारा आनन-फानन में वार्ड में भर्ती लगभग 40 मरीजों को अन्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। सूचना पर अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे हुए थे। इस घटना में किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
बुधवार की सुबह 11.30 बजे के आसपास मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जिकल यूनिट वार्ड में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद पूरे अस्पताल में हडक़ंप मच गया। पूरे सर्जिकल यूनिट में धुआं भर जाने के कारण अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी जैसे ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन को हुई, सभी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने सर्जिकल यूनिट में एडमिट 40 मरीजों को दूसरे यूनिट में शिफ्ट किया।
इस दौरान कुछ मरीजों के परिजन इतना घबरा गए कि वे रोने लगे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ मौके पर मौजूद आम जन भी लोगों की मदद करते हुए नजर आए। हालांकि शॉर्ट सर्किट के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों के तत्काल पहुंचने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई है।