सरगुजा

आईपीएल में लाखों का सट्टा, 3 सटोरिए गिरफ्तार
14-May-2024 8:55 PM
आईपीएल में लाखों का सट्टा, 3 सटोरिए गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,14 मई।
आईपीएल मैच के दौरान सट्टा लगाकर लाखों करोड़ों का दांव लगाने वाले 3 मास्टरमाइंड सटोरियों को कोतवाली पुलिस व साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया हैं।

मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि 13 मई को थाना कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग टीम को दौरान पेट्रोलिंग जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि तीन सटोरी आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा, अमित मिश्रा उम्र पहलू, शुभम केशरी मिलकर अपने सम्पर्क एवं जानपहचान के लोगो को स्काईएक्सचेज लिंक भेजकर आईपीएल मैच गुजरात टाइटन्स व कोलकता किंग राइडर्स के बीच चल रहे टी-20 मैच में ऑनलाईन सट्टा खेलने व खेलाने का काम कर रहे है। पुलिस टीम द्वारा सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड की कार्रवाई की गई।

तीन संदिग्ध व्यक्ति मोबाइल ऑपरेट करते हुए मिले, पुलिस टीम द्वारा तीनों संदिग्ध से पूछताछ करने पर अपना नाम आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा (30), अमित मिश्रा उर्फ पहलू (30), शुभम केसरी (28) सभी निवासी सत्तीपारा शिव मंदिर के पास अम्बिकापुर का होना बताये, आरोपी अमित मिश्रा ऊर्फ पहलू से जब्त एप्पल मोबाइल फोन आईफोन-15 से वाटसअप ऐप में किये गए चैट, फोन पे ऐप में लेन देन संबंधि सट्टा खेलने व खेलाने का साक्ष्य प्राप्त हुआ। 

आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा से सट्टा खेलने व खेलाने वाले लोगों द्वारा दिया गया एटीएम कार्ड, तथा शुभम केशरी से हार जीत का लेखा जोखा रखने से संबंधित सट्टा खेलने व खेलाने वाले लोगों का पासबुक व चेक बुक तथा मोबाइल जिसमें सट्टा खेलने वाले लोगों का फोन पे एप्लीकेशन डाउनलोड कर पैसे की लेन देन रखने हेतु साक्ष्य पाये जाने से तीनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 19 मोबाइल , 3 पासबुक , 2 चेकबुक, 21 एटीएम कार्ड एवं 20,100 रुपये नगद व अन्य दस्तावेज बरामद किया गया हैं।

आरोपियों से घटना के संबंध पूछताछ किये जाने पर तीनों सटोरियों/आरोपियों द्वारा मिलकर अपने सम्पर्क एवं जानपहचान के लोगो कों स्काईएक्सचेज लिंक भेजकर आईपीएल मैच गुजरात टाइटन्स व कोलकता किंग राइडर्स के चीच चल रहे टी-20 मैच में ऑनलाईन सट्टा खेलने व खेलाने का अपराध घटित किया जाना स्वीकार किया गया। 

आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से थाना कोतवाली के धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7, 8 का अपराध पंजीबद्ध कर मामले में तीनों आरोपियों कों गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज गया हैं। 

यह भी चर्चा
इस पूरे मामले में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि उक्त सटोरियों को साइबर पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। यही नहीं लगभग 10 लाख रुपए इनसे बरामद किए गए ,परंतु पुलिस द्वारा मात्र 20 हजार बरामद करना बताया गया। पुलिस महकमें के भीतर से ही चल रही इस चर्चा के सवाल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि इसकी भी तस्दीक की जाएगी।


अन्य पोस्ट