सरगुजा
आवास योजना की आड़ में सरकारी जमीन पर किया था कब्जा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 मई। नगर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम के साथ वार्डवासियों ने मारपीट की है। निगम कर्मचारियों की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आवास योजना के तहत एक व्यक्ति अपना मकान निर्माण कर रहा था, उसी की आड़ में वह शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण कर रहा था। सूचना पर निगम के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने गए थे और वीडियो बना रहे थे, इसी दौरान मारपीट की घटना घटित हुई।
जानकारी के मुताबिक नगर के गांधीनगर में शिव मंदिर के समीप एक व्यक्ति आवास योजना की आड़ में पीछे मौजूद नजूल भूमि पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण करा रहा था। उसने शनिवार को मकान निर्माण के लिए ढलाई कराने हेतु निर्माण सामग्री गिराई थी। सूचना पर नगर निगम कमिश्नर ने अतिक्रमण हटाने उडऩदस्ता टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के भवन शाखा और उडऩदस्ता टीम के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे हुए थे। निगम की टीम पहले सडक़ को बाधित करने पर गिट्टी, रेत व अन्य निर्माण सामग्रियों, मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया। इसके बाद उसी स्थान पर सामने की ओर भी नजूल पर किए हुए अतिक्रमण को हटा रही थी।
इस दौरान निगम का एक कर्मचारी विजय कश्यप कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर रहा था, तभी वह मौजूद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने निगमकर्मी विजय कश्यप पर पीछे से हमला कर दिया और उससे मारपीट की। बीच बचाव करने आए निगम कर्मचारी कपिल सिंह के साथ भी मारपीट की गई।
मारपीट की घटना के बाद निगम कर्मचारी गांधीनगर थाना पहुंच गए और उनके साथ हुए मारपीट की शिकायत करते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 186, 353, 332, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।