सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मई। आदतन अपराधी अमोल राजवाड़े के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की गई। वह एक वर्ष तक सरगुजा सहित 5 अन्य सीमावर्ती जिलों से निष्कासित रहेगा।
थाना लखनपुर से प्राप्त प्रतिवेदन पर अमोल राजवाड़े पुहपुटरा थाना लखनपुर के विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने एवं आपराधिक इतिहास की सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय मे भेजी गई थी। अनावेदक अमोल राजवाड़े के विरुद्ध थाना लखनपुर में 8 प्रकरण दर्ज हैं।
अनावेदक कोयला चोरी एवं डकैती का आदतन अपराधी है, वर्ष 2015 से अपराध जगत में शामिल होकर चोरी डकैती कर रहा हैं, विगत कई वर्षों से अनावेदक गुंडा गर्दी कर आमनागरिकों कों भयभीत करता रहा हैं, अमोल राजवाड़े शुरू से ही आदतन अपराधी किस्म का युवक रहा हैं, अनावेदक के विरुद्ध कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई थी, आमनागरिको को शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने एवं वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान मे रखकर आदतन अपराधी अमोल राजवाड़े के क्रियाकलाप एवं आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल नियंत्रण किये जाने हेतु अग्रिम वैधानिक कार्यवाही नितांत आवश्यक हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जिला सरगुजा से अमोल राजवाड़े के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही हेतु जिला मजिस्ट्रेट सरगुजा को पत्र के माध्यम से अनुशंसा/प्रतिवेदन प्रेषित की गई थी ।
जिस पर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा प्रकरण मे गंभीरता पूर्वक विचार कर आदतन अपराधी अमोल राजवाड़े के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक साल की अवधी के लिए सरगुजा जिले सहित सीमावर्ती जिले जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर की सीमा से निष्कासित कर जिला बदर की कार्यवाही की गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार आदतन अपराधी अमोल राजवाड़े 01 वर्ष की अवधि के लिए सरगुजा जिले समेत सीमावर्ती जिलों से बाहर रहेंगे, 01 वर्ष की अवधि 02/05/24 से प्रारम्भ होंगी, उक्त दिनांक से 01 वर्ष के लिए अमोल राजवाड़े जिला सरगुजा सहित सीमावर्ती जिले से निष्कासित (जिला बदर) रहेगा। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा अनैतिक गतिविधियों मे शामिल आपराधिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई हैं, किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों मे शामिल होने की शिकायत पाये जाने पर तत्काल सम्बंधित के विरुद्ध सख्त अग्रिम वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया हैं।