सरगुजा

नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, एक गिरफ्तार, एक फरार
08-Apr-2024 8:31 PM
 नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख  की ठगी, एक गिरफ्तार, एक फरार

मंत्रालय में पहुंच बताकर दिया था झांसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अप्रैल।
मंत्रालय में अपनी पहुंच होना बताकर महिला बाल विकास विभाग के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 10 लख रुपए की ठगी करने वाले एक आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि  22 फरवरी को पीडि़त पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि आरोपी संजय कुमार गुप्ता और किशोर कुमार गुप्ता के द्वारा पीडि़त पक्ष की दोनों लड़कियों को महिला बाल विकास अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर प्रलोभन देकर 10 लाख रूपये की धोखाधड़ी की गई है। उसके द्वारा पीडि़त पक्ष से नगदी राशि 7 लाख रूपये एवं शेष 3 लाख रूपये बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया गया है। 

आरोपियों द्वारा पीडि़त पक्ष को झूठा प्रलोभन देकर बताया गया कि उसकी पहुंच मंत्रालय तक है। उक्त आरोपियों का कृत्य सदर धारा 420, 34 भादसं का पाए जाने से उनके विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामला पंजीबद्ध उपरांत विवेचना दौरान आरोपीगण संजय कुमार गुप्ता व किशोर कुमार गुप्ता को  27 फरवरी  को नोटिस जारी कर थाना उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया था, आरोपियों द्वारा किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई न ही थाना उपस्थित हुए। 

आरोपी संजय कुमार गुप्ता को विधिवत् रूप से थाना तलब किया गया, जो पूछताछ दौरान किसी प्रकार सहयोग नहीं किया गया। आरोपी के विरूद्ध अपराध घटित करना सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।


अन्य पोस्ट