सरगुजा

नशीली दवाई खिला स्कॉर्पियो लूट, एमपी से 3 बंदी
11-Mar-2024 7:44 PM
नशीली दवाई खिला स्कॉर्पियो लूट, एमपी से 3 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 मार्च।
सरगुजा के मैनपाट में ड्राइवर को नशीली दवाई खिलाने के बाद प्लास्टिक के कट्टा की नोक पर स्कॉर्पियो लूटने वाले तीन आरोपियों को सरगुजा पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3  मोबाइल, लूटा हुआ एक मोबाइल, स्कार्पियो एवं खिलौने नुमा प्लास्टिक कट्टा बरामद किया गया है। लूट के बाद आरोपी मनेंद्रगढ़ होते हुए रीवा की ओर फरार हो गए थे,जिसे कमलेश्वरपुर एवं विशेष पुलिस सरगुजा ने पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक शहबान अली निवासी डुरमा केसला सीतापुर पेशे से ड्राइवर हैं और केशला निवासी बी.आर.पैकरा का स्कार्पियो चलाता है। घटना एक मार्च को वह स्कार्पियो के साथ  सीतापुर में खड़ा था, उसी दौरान 2 अज्ञात युवक उसके पास आकर ग्राम चलता में न्यायालय निर्माण का काम करवाना बताकर मैनपाट घूमने के लिए स्कार्पियो वाहन की बुकिंग हेतु पूछताछ की। 

शहबान वाहन मालिक से उक्त व्यक्तियों की बात करवाकर दोनों युवकों को लेकर उल्टापानी लेकर गया,जहां एक और युवक मौक़े पर पहुंचा, जहां तीनों युवक मिलकर शराब का सेवन किये और मोटरसायकल वाला युवक अपने मोटरसायकल को मैनपाट पेट्रोल पम्प में छोड़ दिया, और बाद में दोनों युवकों द्वारा उक्त युवक को भी अपने साथ स्कार्पियो में लेकर अनमोल रिसोर्ट में जाकर सभी खाना खाकर उसे दलदली ले गए, वहां पर तीनों युवकों द्वारा शहबान को जबरन नशे की कई गोली खिलाकर चाय पिलाये और बाद में घाट चढ़ते समय एक युवक पेशाब करने के लिए वाहन रुकवाया और एक लम्बा युवक जिसे सब निक्कू बोल रहे थे, उक्त युवक द्वारा शहबान के ऊपर कट्टा नुमा कुछ वस्तु सटाकर हाथ पैर बांध दिए, और मना करने पर मारपीट कर उसे एक युवक द्वारा स्कार्पियो वाहन चलाते हुए उसे केवरा पतरा जंगल में हाथ पैर बंधे हालत में फेंक दिए।

उक्त तीनों अज्ञात युवकों द्वारा उक्त चालक का  मोबाइल एवं स्कार्पियो वाहन को लुटकर भाग गए थे। घटना के बाद शहबान किसी प्रकार से अपने आप को हाथ पैर खोलकर मौक़े से सडक़ पर पहुंचकर अपने परिजनों को सूचना दी। बाद में घटना की रिपोर्ट पर थाना कमलेश्वरपुर थाने में दर्ज कराया था।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर चालक शहबान का बयान दर्ज किया गया और साथ ही घटनास्थल एवं आस पास के लोगों से मामले में गहन पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा सभी जाने वाले स्थलों की जांच कर मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किये गए।

पुलिस टीम द्वारा मामले में साइबर सेल से तकनिकी सहायता प्राप्त कर मामले के आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु पुलिस टीम को रीवा मध्यप्रदेश रवाना किया गया था, पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले में शामिल तीनों आरोपियों को पकडक़र पूछताछ की गई।

आरोपियों द्वारा अपना नाम अमित दुबे, प्रसून्न मिश्रा दोनों निवासी मध्यप्रदेश, सोमनाथ टोप्पो मनेन्द्रगढ़ छत्तीसगढ़ का होना बताये। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने ओर खिलौने नुमा प्लास्टिक कट्टा से अपराध  करना स्वीकार किया गया।

बताया कि सभी मनेन्द्रगढ़ होते हुए रीवा की ओर फरार हो गए थे, और लूट से प्राप्त स्कार्पियो वाहन और मोबाइल कों रीवा मध्यप्रदेश स्थित आरोपी प्रसून्न मिश्रा के किराये के रूम में छुपा कर रखा। पुलिस टीम की तत्परता से आरोपियों के कब्जे से एक स्कार्पियो वाहन सहित प्रार्थी से लूटा हुआ एक मोबाइल बरामद किया गया, साथ ही आरोपियों से घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल एवं खिलौने नुमा प्लास्टिक कट्टा बरामद किया गया हैं।


अन्य पोस्ट