सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 फरवरी। संयुक्त किसान मोर्चा ,संयुक्त केंद्रीय ट्रेड यूनियन, राज्य एवं केंद्रीय सरकार कर्मचारी संघ, एवं प्रगतिशील जन संगठन की एक्शन कमेटी द्वारा पूर्व घोषित 16 फरवरी को अंबिकापुर में भी एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर आम सभा का आयोजन स्थानिक घड़ी चौक में किया गया ।
धरना प्रदर्शन के पश्चात आम सभा हुई । आमसभा को विभिन्न ट्रेड यूनियन एवं किसान नेताओं ने संबोधित किया। आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा एक विशाल जुलूस निकालते हुए कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ द्वारा भी एक ज्ञापन प्रेषित किया गया ।
इस अवसर पर एक आमसभा का भी आयोजन किया गया। आमसभा वक्ताओं ने आमसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि यह सरकार केवल पूंजी पतियों को मुनाफा पहुंचने के लिए सारे नियम कानून बना रही है । देश की जनता बेहाल है और पूंजीपति मालामाल है । वक्ताओं ने कहा कि जहां एक तरफ स्वामीनाथन जैसे महान वैज्ञानिक को भारत रत्न की उपाधि दी जा रही है, जो उचित है - किंतु वहीं पर उनके द्वारा सुझाए फॉर्मूला को लागू नहीं किया जा रहा है । जिसके लिए पिछली बार 13-14 महीने किसानों द्वारा लगातार धरना प्रदर्शन दिल्ली के बॉर्डर पर किया गया था । जिसमें करीब 800 किसन शहीद हो गए थे । इस आंदोलन को समाप्त करने के अवसर पर मोदी सरकार ने किसानों से वायदा किया था कि वह स्वामीनाथन कमेटी के द्वारा सुझाए गए फार्मूले को लागू करेगी और इस संबंध में कानून बनाएगी । किंतु आज लगभग दो वर्ष व्यतीत हो रहे है फिर भी उसने इस संबंध में कोई पहल नहीं किया । यहां तक की इस संबंध में एक बैठक तक सरकार द्वारा नहीं बुलाई गई । इससे तंग और परेशान होकर के किसानों द्वारा पुन: दिल्ली को घेरने का आंदोलन शुरू किया गया है । जिसे मोदी सरकार और उसकी राज्य सरकारों द्वारा पुलिस लगाकर किसानों को प्रताडि़त किया जा रहा है और उन पर लाठी, डंडे, आंसू के गोले, प्लास्टिक के बुलेट्स और ड्रोन से आंसू गैस छोड़े जा रहे हैं एवं वाटर कैनयन से ठंडे पानी की बरसात की जा रही है । सरकार के इस तरीके से के दमनात्मक कार्यवाही से कई कई किसान घायल होकर अस्पतालों में भर्ती हैं । यह सरकार की बहुत ही क्रूर कार्रवाई है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है ।
उपरोक्त बिंदुओं के उल्लेख के साथ एक ज्ञापन भी कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति भारत सरकार को प्रेषित किया गया । इस अवसर पर एफ केरकेट्टा, डीपी गुप्ता दोनों एलआईसी सुधीर तिवारी, शैलेंद्र गुप्ता क्लास 3 यूनियन सुजान बिंद लघु वेतन कर्मचारी संघ, प्रकाश नारायण, अनिल द्विवेदी अखिल भारतीय किसान सभा फादर निर्दोष एक्का, भगत सिंह अकादमी से चरण प्रीत सिंह सी पी शुक्ला छत्तीसगढ़ किसान सभा, वेद अग्रवाल छत्तीसगढ़ प्रगतिशील लेखक संघ अध्यक्ष, इप्टा से प्रितपाल सिंह ,हरित आंदोलन के श्री मिंज, एवं गांव गांव से किसान मजदूर उपस्थित थे ।