सरगुजा

कार-ट्रक में भिड़ंत, एक मौत, 4 घायल
14-Feb-2024 8:41 PM
कार-ट्रक में भिड़ंत, एक मौत, 4 घायल

  शादी में औरंगाबाद गए थे, अंबिकापुर लौट रहे थे   
 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 

अंबिकापुर,14 फरवरी। बुधवार तडक़े राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में कार एवं ट्रक की टक्कर में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक एवं सभी घायल अंबिकापुर के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद तत्काल पस्ता  पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को आधे घंटे के मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार शादी समारोह में शामिल हो अंबिकापुर निवासी पांच युवक कार क्र. सीजी 15 बी 9069 से औरंगाबाद से अंबिकापुर वापस आ रहे थे। इसी दौरान सुबह 5 बजे के करीब सेमरसोत अमझरनाला के पास विपरीत दिशा से बॉक्साइट लोड रेणुकूट जा रही ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई एवं इसमें सवार अंबिकापुर निवासी अभिषेक जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। 

हादसे में घायल आशीष सिंह, दीपक गुप्ता, ओम प्रकाश विश्वकर्मा एवं राजीव विश्वकर्मा को सिर एवं शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोटें आई हैं। 

बलरामपुर जिला अस्पताल से दो घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना पर तत्काल मौके पर प्रधान आरक्षक अनिल पांडे एवं ओमप्रकाश सिदार पहुंचे। उन्होंने आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव एवं घायल को बाहर निकाला। 

आशंका है कि कार चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। पस्ता थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पुलिस ने ट्रक क्र सीजी 15 डीडब्ल्यू 8773 चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके पर वाहन खड़ा कर फरार गया।


अन्य पोस्ट