सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,14 फरवरी। शहर से लगे सांड बार मंदिर जिसे वनेश्वरी माता के मंदिर के रूप में भी जाना जाता है, यहां अब लम्बोदर महाराज भी विराजमान हो गए हैं। जिले के पहले श्री सिद्धिविनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में हजारों भक्त शामिल हुए।
दर्रीपारा के रहने वाले राकेश साहू ने पूर्वजों की याद में यहां विशाल,भव्य और आर्कषक श्री सिद्धि विनायक मंदिर का निर्माण कराया है जहां भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा 14 फरवरी को की गई। इसके लिए 12 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इस कलश यात्रा में शहर की महिलाओं के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने शिरकत की थी
इस कलश यात्रा में खास बात यह रही कि यात्रा को लेकर जहां शहर की महिलाओं और लोगों में उत्साह तो नजर आया ही, साथ ही साथ पुलिस भी इस धार्मिक आयोजन में भागीदारी निभाती नजर आई थी। मणिपुर थाने के सामने थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने कलश यात्रियों का न सिर्फ स्वागत किया बल्कि उन्हें पानी और चाय भी पिलाया था।
अंबिकापुर के सांड बार मंदिर में अब लोगों को भव्य श्री सिद्धि विनायक गजानन महाराज के दर्शन भी हो सकेंगे। मंदिर प्रांगण में विशाल श्री सिद्धिविनायक मंदिर का निर्माण कराया गया है, जहां भगवान श्री सिद्धिविनायक की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा आज 14 फरवरी को की गई। इसके लिए बकायदा ब्राह्मणों के द्वारा मंत्रोचार कराया गया, साथ ही प्राण प्रतिष्ठा के दिन भव्य भंडारे का आयोजन भी रखा गया, जहां करीब 5 हजार से ज्यादा भक्तों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर साहू परिवार के साथ हजारों की संख्या में भक्त मौजूद रहे।