सरगुजा

कलश यात्रा में शामिल हुई सैकड़ों महिलाएं, पुलिस ने किया स्वागत
12-Feb-2024 9:41 PM
 कलश यात्रा में शामिल हुई सैकड़ों महिलाएं, पुलिस ने किया स्वागत

श्री सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा

अम्बिकापुर, 12 फरवरी। शहर से लगे सांड बार मंदिर जिसे वनेश्वरी माता के मंदिर के रूप मे भी जाना जाता है यहां अब लम्बोदर महाराज भी विराजमान होने वाले हैं।

दर्रीपारा के रहने वाले राकेश साहू ने अपने पूर्वजों की याद में यहां भव्य और आर्कषक श्री सिद्धि विनायक मंदिर का निर्माण कराया है, इसकी प्राण प्रतिष्ठा 14 फरवरी को किया जाना है। इसके लिए 12 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में शहर की महिलाओं के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने शिरकत की।

यह कलश यात्रा बंजारी शिव मंदिर से शुरू होकर सांडबार मंदिर तक पहुंची। इस कलश यात्रा में खास बात यह रही कि यात्रा को लेकर जहां शहर की महिलाओं और लोगों में उत्साह तो नजर आया ही साथ ही साथ पुलिस भी इस धार्मिक आयोजन में भागीदारी निभाती नजर आई।

मणिपुर थाने के सामने थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने कलश यात्रियों का न सिर्फ स्वागत किया बल्कि उन्हें पानी और चाय भी पिलाया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और कलश यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका नजर आई। इसकी सब लोगों ने सराहना की।

ज्ञात हो कि अंबिकापुर के सांड बार मंदिर में अब लोगों को भव्य श्री सिद्धि विनायक गजानन महाराज के दर्शन हो सकेंगे। दरअसल दर्रीपारा के रहने वाले राकेश साहू के द्वारा मंदिर प्रांगण में विशाल श्री सिद्धिविनायक मंदिर का निर्माण कराया गया है, जिसकी प्राण प्रतिष्ठा 14 फरवरी को की जाएगी। इसके लिए बाकायदा ब्राह्मणों के द्वारा मंत्रोचार कराया जा रहा है, साथ ही प्राण प्रतिष्ठा के दिन भव्य भंडारे का आयोजन भी रखा गया है। कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं ने भी न सिर्फ कलश यात्रा में अपनी भागीदारी निभाई, बल्कि मंदिर के भव्यता की प्रशंसा भी की।

 संभवत: यह मंदिर जिले का पहला गणपति मंदिर होगा, जहां इतने भव्य रूप में पार्वती नंदन विराजेंगे। यही कारण है कि यहां दूर-दूर से लोगों की भीड़ जमा हो रही है और हर कोई अपनी भागीदारी यहां निभा रहा है।


अन्य पोस्ट