सरगुजा
अभिभावक संघ ने डीईओ को ज्ञापन देकर दिए कई सुझाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 फरवरी। निजी स्कूल प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये जाने की मांग को लेकर अभिभावक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन दिया है।
अभिभावक संघ ने कहा है कि वर्तमान में निजी स्कूल प्रबंधन द्वारा अध्ययनरत् बच्चों के साथ काफी प्रताडऩा एवं अपमानजनक व्यवहार की सूचना है साथ ही पालक द्वारा उक्त संबंध में शिकायत एवं सहायता हेतु स्कूल प्रबंधन द्वारा समुचित सहयोग एवं व्यवस्था नहीं की जा रही है, जिस कारण पालक काफी परेशान है तथा बच्चे अपने जीवन को समाप्त करने हेतु विवश हो रहे है।
अत: उक्त निजी विद्यालयों हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया जाना छात्र/पालकहित अति आवश्यक है। जिला अविभावक संघ सुझाव दिया है कि समस्त निजि / शासकीय/मान्यता प्राप्त/अल्पसंख्यक विद्यालयों की सतत निगरानी हेतु एक निगरानी समिति का गठन किया जावे, जिसमें जिला प्रशासन के प्रथम श्रेणी के अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, अधिवक्ता, डॉक्टर, जिला अभिभावक संघ के अध्यक्ष / सचिव, अभिभावक एवं उस क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक को शामिल करते हुए एक जिला स्तरीय निगरानी समिति का तत्काल गठन कराया जावे। उक्त समिति के पास किसी भी स्कूल से संबंधित शिकायत की जांच एवं उक्त स्कूल के औचक निरीक्षण करने का अधिकार हो एवं निरीक्षण उपरांत उक्त समिति के प्रतिवेदनानुसार अविलम्ब कार्यवाही हो।
प्रत्येक स्कूल में स्कूल प्रबंधन एवं अभिभावकों के आपसी संवाद एवं प्राप्त शिकायतों के उचित निराकरण हेतु एक हेल्प डेस्क बनाया जावे।
निजि स्कूलों द्वारा मनमाने प्राईवेट पब्लिकेशन की पुस्तकों से अध्यापन पर रोक हो. समस्त स्कूलों में अध्यापन हेतु उपयोग में लायी जाने वाली पुस्तके सभी किताब विक्रेता दुकानों में उपलब्ध हो, ऐसी व्यवस्था बनायी जावे।
समस्त स्कूलों की शिकायत हेतु एक शिकायत पेटी की व्यवस्था ऐसे स्थान पर हो जहां पर छात्र एवं उनके अभिभावक निर्भिक होकर अपनी शिकायत उस पेटी में डाल सके तथा उक्त पेटी जिला स्तरीय निगरानी समिति के समक्ष प्रत्येक माह बैठक कर खोला जावे।
विद्यालयों द्वारा फीस बढ़ोत्तरी के पूर्व जिला स्तरीय निगरानी समिति एवं कलेक्टर की अनुमति उपरांत एक निश्चित प्रतिशत में ही फीस में बढ़ोत्तरी की जावे।
अनावश्यक रूप से ली जा रही फीस को बंद करवाया जाए.प्रत्येक स्कूलों में आवश्यक रुप से राष्ट्रगान की व्यवस्था की जावे. जिला स्तरीय बाल कल्याण समिति द्वारा भी समस्त विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जावे एवं प्रत्येक स्कूल में बच्चों की कॉउंसलिंग की व्यवस्था की जाए।